दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 अप्रैल। बीती रात अहिवारा सब्जी मार्केट में बैठ कर बातचीत कर रहे तीन दोस्तों में एक की मां और बुआ ने जब घर चल खाना खाने कहा तो बाकि दो दोस्त बिफरते हुए गाली-गलौज करने लगे। दोस्त ने मां को गाली देने से मना किया तो चाकू निकाल दोनों ने हमला कर दिया। इस मामले की रिपोर्ट पर नंदिनी पुलिस ने आरोपी क्रांति और जय साहू के खिलाफ कई धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस ने बताया कि वार्ड 6 निवासी टुम्मन साहू उर्फ डीके (26 वर्ष) कल रात्रि में अहिवारा सब्जी मार्केट में बैठा था। थोड़ी देर बाद मोहल्ले के ही क्रांति तथा जय साहू भी वहां पर आ गए और तीनों सब्जी मार्केट में बैठकर बात कर रहे थे।
रात्रि करीब 11:30 बजे टुम्मन की मां मनका साहू और बुआ कौशल्या उसे खाना खाने के लिए बुलाने आए तो क्रांति और जय नाराज हो उनसे बोले कि हम लोग अभी साथ में बैठे हैं, टुम्मन खाना खाने नहीं जाएगा। मनका ने डांट कर टुम्मन को साथ घर चलने कहा तो क्रांति और जय गाली देने लगे।
टुम्मन ने गाली देने से मना किया तो उसे जान से मारने की धमकी देकर दोनों ने पास रखे धारदार चाकूनुमा वस्तु से टुम्मन पर हमला बोल दिया।
बीचबचाव में आई कौशल्या से भी मारपीट करने लगे। टुम्मन के सीना, पीठ, हाथ और पेट में चोट आई है, जबकि कौशल्या के हाथ में चोट आई है। चौकीदार जफर बहादूर और अंकुश को आता देख आरोपी मौके से भाग निकले।