दुर्ग

लूट की कोशिश, 7 साल कैद
12-Apr-2022 3:54 PM
लूट की कोशिश, 7 साल कैद

दुर्ग, 12 अप्रैल। चाकू अड़ा कर लूट करने का प्रयास करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। जिला सत्र न्यायाधीश दुर्ग राजेश श्रीवास्तव की कोर्ट ने आरोपी अनूप भूसा खरे को धारा 393 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास तथा 500 रुपए अर्थदंड, धारा 398 के तहत 7 वर्ष का  सश्रम कारावास की धारा आयुष अधिनियम की धारा 25 (1 बी) बी के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास 500 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है. सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी।

लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने बताया कि जेवरा निवासी देवेंद्र साहू ने जेवरा सिरसा चौकी में 29 जनवरी 2021 को शिकायत दर्ज कराई कि वह रात में 10 बजे साइकिल से महिंद्रा ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर चिखली से अपने घर जेवरा जा रहा था, उसी समय जेवरा मेन रोड बाजार चौक पर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एल एक्स 3861 में सवार दो अज्ञात व्यक्ति उसकी साइकिल के सामने लाकर खड़ा कर दिए. एक आरोपी ने चाकू दिखाकर उससे मोबाइल छीनने का प्रयास किया।

इसी दौरान जेवरा सिरसा चौकी के आरक्षक रोशन सिंह भुवाल एवं शेखर साहू वहां आ गए. उन लोगों को देखकर आरोपी भागने लगा। इस पर दोनों ने भाग रहे आरोपी अनूप भूसाखरे को पकड़ लिया, वहीं दूसरा आरोपी अभिमन्यु उर्फ मन्नू मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग निकला था.
 


अन्य पोस्ट