दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 अप्रैल। तांदुला जलाशय से जिले के निस्तारी तालाबों को भरने के लिए एक सप्ताह पहले पानी छोड़ा जा चुका है मगर टेल एरिया के ग्रामों तक अभी भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। जिसकी वजह से अनेक ग्रामों के लोगों को सूखते तालाबों में पानी भरने का इंतजार है।
ग्राम करंजा भिलाई निवासी दिलीप वर्मा ने बताया कि उनके ग्राम के अनेक तालाब में गर्मी के मौसम में निस्तारी के लिए नहर से पानी भरा जाता है मगर उनके ग्राम सहित आसपास के बहुत से ग्रामों में अभी भी नहर से छोड़ा गया पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। उनका कहना है कि अगर यही स्थिति रही तो तालाबों को पूरी तरह भरना मुश्किल हो जाएगा।
बोड़ेगांव निवासी रवि ताम्रकार ने बताया कि बोड़ेगांव, सगनी, पोटिया, कोडिय़ा आदि ग्रामों में भी अभी तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्राम धनोरा के पूर्व सरपंच जितेंद्र टंडन ने बताया कि उनके ग्राम में 2 दिन पहले ही पानी पहुंचा है, मगर निचले हिस्से की ग्राम हनोदा तक अभी भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य हर्षा लोकमणी चंद्राकर ने बताया कि क्षेत्र के टेल एरिया में स्थित ग्राम बटंग, औरी, पहंदा, ख हरिया, महोदा सहित अनेक ग्रामों में अभी तक निस्तारी तालाबों को भरने के लिए छोड़ा गया पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि अनेक ग्रामों से इसे लेकर ग्रामीणों की ओर से शिकायतें आ रही है। नहरों के माध्यम से छोड़ा गया संपूर्ण पानी तालाबों तक पहुंच सके, इसके लिए नियमित मॉनिटरिंग हो।