दुर्ग

फिर सूर्या नगर बसाने की तैयारी, सामाजिक संगठन व समूह की महिलाएं राहत देने जुटे
11-Apr-2022 3:02 PM
फिर सूर्या नगर बसाने की तैयारी, सामाजिक  संगठन व समूह की महिलाएं राहत देने जुटे

प्रभावितों को राहत कैम्प में दिए जा रहे नाश्ता व भोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 अप्रैल
। नगर निगम के जोन 3 क्षेत्रांतर्गत फल मंडी से लगे सूर्या नगर में शनिवार दोपहर को भीषण आगजनी में 170 से अधिक झोपडिय़ां खाक हो गई। आगजनी की खबर पाकर महापौर नीरज पाल सूर्या नगर प्रभावितों की मदद करने पहुंचे। महापौर व्यवस्था को दुरूस्त करने में जुटे हुए हैं व लगातार इस पर नजर रखे हुए हैं।

आयुक्त प्रकाश सर्वे ने प्रभावित परिवारों को कैम्प-दो पानी टंकी के पास शासकीय स्कूल महात्मा गांधी नगर में ठहराने की व्यवस्था की है। वे भी हर परिस्थति में ठहरे हुए परिवारों को भोजन, पानी, कपड़े, दवाईयां सहित अन्य आवश्यक सामग्रियां मुहैया कराने में लगातर जुटे हुए हैं। वहीं वे कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे के निर्देश के बाद हर संभव मदद के लिए जुटे हुए हैं।

महापौर नीरज पाल ने समाजसेवी संगठनों से अपील की है कि आगजनी से प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता करें। उनकी अपील के बाद कई सामाजिक संगठन ने मदद देने हाथ बढ़ाया है। सिख समाज ने प्रभावितों को भोजन की व्यवस्था की है। रोटरी क्लब अन्य सामाजिक संस्थाओं व स्वसहायता समूह की महिलाओं ने कपड़े वितरित किए हैं।

प्रभावित परिवारों को उसी स्थान पर पुन: व्यवस्थापन के लिए महापौर नीरज पाल के निर्देश पर निगम प्रशासन की ओर से बांस-बल्ली की व्यवस्था की जा रही है। प्रभावितों को राहत देने के लिए निगम अधिकारी-कर्मचारी लगे हुए हैं। राहत व्यवस्थापन स्थल पर जोन आयुक्त येशा लहरे भी लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मॉनिटरिंग कर रही हैं।

सुबह नाश्ता, चाय व दोपहर को गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी के सरदार जसबीर की ओर से भोजन की व्यवस्था की गई थी। निगम ने भी कपड़े, कोलगेट, साबुन आदि के अतिरिक्त नाश्ता में केला, फल व चाय प्रदान किए हैं। स्कूल के कमरों व बाहर लगे टेंटों में लगातार साफ-सफाई के साथ भीषण गर्मी से राहत देने कूलर की व्यवस्था की गई है।

कल व्यवस्था का जायजा लेने महापौर नीरज पाल के साथ लोक निर्माण प्रभारी एकांश बंछोर, महापौर परिषद के सदस्य सीजू एंथोनी, जोन 3 अध्यक्ष संतोष नाथ सिंह उर्फ जालंधर और आयुक्त सर्वे के साथ अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, उपायुक्त सुनील अग्रहरि और जोन 3 आयुक्त येशा लहरे के साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

महापौर ने की अपील नेकी की दीवार से करें मदद
 महापौर नीरज पाल ने लोगों से अपील की है कि नेकी की दीवार के माध्यम से किसी भी प्रकार की सहायता कर इस पुनीत कार्य में मददगार बनें। इसके लिए निगम के जनसंपर्क अधिकारी पी.सी. सार्वा से मोबाइल नंबर 9425512559 या जोन 3 आुयक्त येशा लहरे सेे मोबाइल नंबर 6232769888 पर संपर्क किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट