दुर्ग

अभिषेक गौर एवं पुष्पेंद्र के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने आईबी को लिखा पत्र,
04-Apr-2022 8:57 PM
अभिषेक गौर एवं पुष्पेंद्र के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने आईबी को लिखा पत्र,

विदेश भाग चुके हैं आरोपी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 अप्रैल।
दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले आरोपियों के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी करने आईबी को पत्र लिखा है, ताकि देश छोड़ जाने वाले सट्टेबाजों पर शिकंजा कसा जा सके।

गौरतलब हो कि महादेव आईडी के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वालों पर नकेल कसने दुर्ग पुलिस का अभियान हंटर चलाया जा रहा है। लगातार  सट्टेबाजों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। स्मृति नगर थाना में धारा 306 के आरोपी अभिषेक गौर एवं भिलाई नगर के आरोपी पुष्पेंद्र उर्फ रिक्की पारख के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने  दुर्ग पुलिस द्वारा प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग  बी एन मीणा (भापुसे) के दिशा निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव के मार्गदर्शन में जिले में जुआ सट्टा ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट मैचों में सट्टे के कारोबार पर नियंत्रण व अंकुश लगाने अभियान हंटर के तहत कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में आईपीएल टूर्नामेंट शुरू होने के बाद से सट्टेबाजों पर धर पकड़ की कार्रवाई थाना से टीम बनाकर एवं मुखबिर की सूचना रेड कार्रवाई हो रही है।

 स्मृति नगर में धारा 306, 34 भादवि के प्रकरण के आरोपी अभिषेक गौर का लुक आउट सर्कुलर जारी करने व साथ ही थाना भिलाई नगर के अपराध क्रमांक 544/2021 धारा 342, 384, 386, 34 भादवि के प्रकरण के आरोपी पुष्पेंद्र कुमार पारख उर्फ रिकी पारख के खिलाफ़ भी लुक आउट सर्कुलर जारी करने इंटेलीजेंस ब्यूरो (आईबी) को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा प्रतिवेदन के माध्यम से मांग की गयी है।

विदित हो कि लुक आउट नोटिस का उपयोग अंतरराष्ट्रीय सीमाओं (जैसे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों या समुद्री क्षेत्र, बंदरगाहों) पर आव्रजन जांच में किया जा सकता है, जिससे आरोपी विदेश भागने में सफल न होकर पकड़ा जाता है।


अन्य पोस्ट