दुर्ग
महापौर ने पेश किया लाभ का बजट, गोबर से बना ब्रिफकेस लेकर पहुंचे महापौर
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 30 मार्च। नगर निगम दुर्ग की बजट सभा काफी हंगामेदार रही। मंगलवार को बीआईटी के मैकेनिकल हॉल में आयोजित सभा में महापौर धीरज बाकलीवाल ने बड़े ही चुटीले व शायराना अंदाज में वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट पेश किया। इस पर चर्चा करते हुए विपक्षी भाजपा पार्षदों ने शहर विकास के मुद्दों पर सत्तापक्ष कांग्रेस को घेरने का भरपूर प्रयास किया। मगर महापौर परिषद के सदस्यों व कांग्रेसी पार्षदों ने उनके प्रयास पर पानी फेर दिया। परिस्थिति को भांपते हुए सत्ता पक्ष के ही वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षद मदन जैन ने सख्त तेवर दिखाते हुए महापौर द्वारा पेश किए गए बजट पर खूब खामियां निकाली। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि मदन जैन के साथ महापौर की तीखी नोकझोंक भी हुई।
महापौर ने तल्खी भरे स्वर में मदन जैन के आरोपों को सिरे से नकार दिया। इसके पहले मदन जैन व पीडब्ल्यूडी प्रभारी अब्दुल गनी के बीच ठगड़ा बांध मुद्दे को लेकर तीखी बहस हुई। बजट पर 8 पार्षदों ने चर्चा में भाग लिया। इसके बाद सभापति राजेश यादव ने बजट पारित करने के लिए सदन की राय मांगी। जिस पर सभी पार्षदों ने जरुरी संशोधनों व त्रुटि सुधार के साथ सर्वसम्मति से बजट को पारित किया।
बजट में शहर के सभी 60 वार्डो में जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम के जरिए कचरा कलेक्शन की मॉनीटरिंग के लिए साफ्टवेयर तैयार करने का निर्णय लिया गया। वहीं उतई टेम्पो स्टैंड से डीयू तक करीब ढाई किलोमीटर फोरलेन का प्रस्ताव रखा गया।
सभापति राजेश यादव ने निर्धारित समय प्रात: 11 बजे बजट बैठक की कार्यवाही शुरु की। कार्यवाही शुरू होते ही प्रश्नकाल में पार्षदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों को रखा गया। निर्धारित 1 घंटे में पार्षदों के कुल 4 प्रश्न ही रखे गए, जिसमें गंदा पेयजल आपूर्ति, अमृत मिशन के कार्य मेंं विलंब, जर्जर सडक़ों पर आधारित थे। प्रश्नकाल के बीच भाजपा पार्षदों ने सरस्वती नगर के पीएम आवास में अवैध कब्जा के मुद्दे पर सदन में हंगामा मचाया। भाजपा पार्षदों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। जिससे सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच नोकझोंक हुई।
प्रश्नकाल समाप्ति के उपरांत हंगामें के बीच महापौर धीरज बाकलीवाल ने सदन में सत्र 2022-23 के लिए 7 लाख 15 हजार रुपए का लाभ का बजट पेश किया। महापौर यह बजट गोबर से बने सूटकेस में लेकर सदन पहुंचे थे। पिछले दिनों राज्य का बजट पेश करने मु यमंत्री भूपेश बघेल ने भी गोबर से बने सूटकेस का उपयोग किया था।
महापौर धीरज बाकलीवाल द्वारा पेश किए गए बजट में हर घर ग्रीन (वृक्षारोपण), शासकीय जमीन संरक्षण, दिव्यांगों की शादी के लिए भवन आरक्षण, महापौर गुमटी योजना, किराएदार के लिए पृथक से आवास योजना, तालाबों का संरक्षण संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण, मुक्तिधाम विकास योजना, अलग-अलग स्थानों पर ई-चार्जिंग स्टेशन, ओपन लाईबे्ररी, बस स्टैण्ड में फ्री वाईफाई जोन, महिलाओं के लिए हॉस्टल सुविधा, राशन दुकान में जनसुविधा, जीपीएस आधारित कचरा कलेक्शन एवं वाहन प्रबंधन, प्रमुख चौैराहों एवं रेलवे क्रासिंग में शेड निर्माण, सी मार्केट व मदर्स मार्केट निर्माण, खेल स्टेडियम निर्माण, कुम्हार मार्केट के लिए लाखों रुपए की राशि का प्रावधान किया गया है। बजट सभा के दौरान बीजेपी पार्षदों ने चाय, बिस्किट का स्वाद जरूर चखा, मगर लंच लेने से इंकार कर दिया। भाजपा के सभी पार्षद बकायदा टिफिन लाए हुए थे।
दरअसल सामान्य सभा के दौरान निगम प्रशासन द्वारा लंच की व्यवस्था की परिपाटी बनी हुई है। पहली बार भाजपा पार्षदों ने लंच से दूरी बनाई रखी। उनका कहना है कि निगम मद में पैसा नहीं है। उनके लंच नहीं करने से कुछ पैसे की बचत हो सकती है।
377 करोड़ का अनुमानित बजट
महापौर धीरज बाकलीवाल ने आगामी वर्ष 2022-23 के लिए कुल 377.20 करोड़ का अनुमानित बजट पेश किया है। आय के रूप में राजस्व से 150.14 करोड़ तथा पूंजीगत आय 227.06 करोड़ बताया गया है। इसके विरूद्ध राजस्व व्यय 150.12 करोड़ एवं पूंजीगत व्यय 227. 01 करोड़ रखा गया है। इस तरह 7 लाख 15 हजार का लाभ का बजट प्रस्तुत किया गया।
चक्कर खाकर गिरे एल्डरमेन
बजट सभा के दौरान एल्डरमेन मनीष यादव चक्कर खाकर गिर पड़े। इस दौरान सदन में अफरा-तफरी मच गया। महापौर धीरज बाकलीवाल ने अपने वाहन से उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचवाया। जहां डॉक्टरों ने उसका प्रारंभिक इलाज कर ए स के लिए भेजा गया।