दुर्ग
बीएसपी प्रबंधन ने हड़ताल अवैध बताया, अनुशासनहीनता कार्रवाई की दी चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 मार्च। संयुक्त ट्रेड यूनियन 12 सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने जहाँ हर संभव प्रयास कर रहा है, वहीं बीएसपी प्रबंधन ने हड़ताल को अवैध करार देते हुए हड़ताल में शामिल होने वाले कर्मियों को अनुपस्थित मानते हुए वेतन कटौती के साथ-साथ अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
गौरतलब हो कि संयुक्त ट्रेड यूनियन के द्वारा 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 28 एवं 29 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल को सफल बनाने के लिए बोरिया गेट पर प्रदर्शन कर पर्चा वितरण करते हुए कर्मियों से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की गई है, जबकि भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन केके सिंह ने जारी अपील में उल्लेखित किया है कि कुछ श्रमिक संगठनों द्वारा 28 एवं 29 मार्च को हड़ताल करने की सूचना दी गई है। श्रमिक संगठनों द्वारा भेजे गए ज्ञापन के अनुसार अधिकतर मांगे केंद्र/राज्य सरकार की नीतियों और निगमित कार्यालय सेल नई दिल्ली से संबंधित हैं, जिस पर भिलाई इस्पात संयंत्र स्तर पर निर्णय लेना संभव नहीं है।
ज्ञात हो कि एनजेसीएस में एमओयू पर हस्ताक्षर किया जा चुका है एवं उपरोक्तानुसार वेतन एवं अन्य सुविधाओं को संशोधित किया जा चुका है। भिलाई इस्पात संयंत्र में औद्योगिक शांति एवं सौहार्द की दीर्घ और गौरवमयी परंपरा रही है। उत्पादन के चरम बिंदुओं तक पहुंचने के लिए हम संकल्पित हैं तथा इसके लिए सबको हर संभव प्रयास करना होगा। कोरोना महामारी के इस संकट की घड़ी में सबका प्रयास कार्मिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ ही सुरक्षित उपायों को अपनाते हुए संयंत्र के हितों का भी ध्यान रखना होना चाहिए।
क्षेत्रीय श्रमायुक्त (केन्द्रीय) रायपुर ने औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के अंतर्गत हड़ताल आव्हान के मुद्दों को काउंसिलेशन में सीज कर दिया है, चूंकि भारत सरकार ने लौह एवं इस्पात उद्योग को लोक उपयोगी सेवा घोषित किया गया है, इसलिये औद्योगिक विवाद अधिनियम 1947 के प्रावधानों के अनुसार सुलह कार्यवाही लम्बित होने के दौरान हड़ताल पर जाना अवैध है, इसलिए 28 एवं 29 मार्च को कार्य से अनुपस्थिति को हड़ताल में भाग लेना माना जाएगा एवं ऐसी अनधिकृत अनुपस्थिति का वेतन में कटौती के अतिरिक्त एसपीआईएस अर्जन में भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। ऐसे कार्मिक कम्पनी के स्थाई आदेशों (संयंत्र/खदान) एचएसएल अनुशासन व अपील नियम एवं कम्पनी के अन्य लागू नियमों के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्रवाई के पात्र होंगे। ऐसी हड़तालों में भाग लेने से उत्पादन, उत्पादकता और लाभप्रदता में सुधार के प्रति हमारी प्रतिबद्धता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
यूनियन व कार्मिकों से अपील है कि हड़ताल के दिन किसी भी कार्मिक को संयंत्र के भीतर प्रवेश हेतु व्यवधान उत्पन्न करने या बलपूर्वक रोकने का प्रयास न करें। इस तरह की घटना को अनुशासनहीनता माना जाएगा और नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
