दुर्ग

तीन फ्लोर अनुमति, बना रहा था लॉज की छठवीं मंजिल
25-Mar-2022 1:06 PM
तीन फ्लोर अनुमति, बना रहा था लॉज की छठवीं मंजिल

एम-8 में फोटो-07,08

निगम ने एक मंजिल तोड़ दो पर लगाया टैक्स और पेनाल्टी


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 25 मार्च।
अपना केसरी लॉज की 6वीं मंजिल को निगम ने तोड़ा। बार-बार नोटिस के बाद भी लॉज मालिक अवैध निर्माण नहीं रोक रहा था।

गौरतलब हो कि पॉवर हाउस से लगे शास्त्री मार्केट में अवैध निर्माण की लगातार शिकायत मिल रही थी। निगम ने जांच में पाया कि अपना केसरी लॉज की मालकिन प्रभावती गुप्ता ने निगम से केवल तीन फ्लोर के निर्माण की अनुमति ली हुई थी। इसके बाद उसने बिना अनुमति के दो मंजिला का अतिरिक्त निर्माण कर लिया था। निगम ने उसे इसके लिए दो महीने में 4 बार नोटिस भी जारी किया, लेकिन लॉज की मालकिन ने नोटिस का जवाब देने की जगह उल्टा 6वीं मंजिल का निर्माण करना शुरू कर दिया था। जब निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

निगम के सब इंजीनियर सिद्धार्थ साहू और सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू के नेतृत्व में तोडफ़ोड़ टीम ने कल यह कार्रवाई शुरू की जो कि शाम तक चलती रही। अधिकारियों ने लॉज मालिक को निर्देश दिया कि वह जल्द से अतिरिक्त दो मंजिल के निर्माण की पेनाल्टी और टैक्स पटाने के साथ ही उसकी परमिशन ले नहीं तो बाकी दो मंजिल भी तोड़ दी जाएगी।


अन्य पोस्ट