दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमधा, 22 मार्च। धमधा नगर पंचायत इलाके के मुख्य मार्ग बसस्टैंड सहित सार्वजनिक क्षेत्रों में कोटपा एक्ट के तहत ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई कर जुर्माना लिया गया।
दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के दिशा निर्देश पर आज धम़धा में कोटपा एक्ट अधिनियम 2003 के तहत चालानी कार्रवाई धमधा थाना प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के सहयोग से की गई। बस स्टैंड मुख्य मार्ग सोनेसरार रोड पर पान ठेले-दुकानदारों के प्रतिबंधित सिगरेट, प्रतिबंधित तंबाकू बेचते पाए जाने पर उक्त सभी दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
फ़ुड इंस्पेक्टर अजय सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर गायत्री पटेल, जिला स्वास्थ्य कोटपा सलाहकार कविता ताम्रकार ने कार्रवाई की। इस मौके पर धमधा थाना से प्रधान आरक्षक यशवंत सिंह, आरक्षक दिनेश डेहरिया, महिला आरक्षक आरती यादव ने भी सहयोग दिया।