दुर्ग
दुर्ग, 21मार्च। पोटियाकला के वार्डवासियों एवं कालोनियों के लोगों द्वारा आज पोटिया चौक में अवैध रुप से संचालित हो रहे मांस मटन की दुकानों को बंद करने एवं दूसरे जगह स्थानांतरण करने को लेकर शांतिपूर्ण ढ़ंग से धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से साहू समाज के अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू, यादव समाज के उपाध्यक्ष भोजराम यादव,वार्ड 53 के पूर्व पार्षद सविता पोषण साहू, भाजपा महामंत्री पोषण साहू, मंडल महामंत्री कौशल साहू, रेवा राम साहू, नारद साहू, शांति लाल यादव, भानु प्रसाद साहू, राधेश्याम वर्मा, डॉ. डीपी मिश्रा, डॉ. जयंत पुरोहित, थानेश साहू, लालाराम साहू, रेवाराम साहू, खेमदास साहू, चंद्रहास साहू, गजेंद्र सेन, शैलेश मिश्रा, ओमलाल यादव, बसंत यादव, हेमंत यादव, कैलाश बंजारे सहित अन्य लोग शामिल थे।
इस चौक से लगभग एक किलो मीटर के अंदर में वार्ड पार्षद से लेकर दुर्ग नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, विधायक अरुण वोरा, भाजपा उपाध्यक्ष थानू राम साहू एवं गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू विशेष रुप से निवास करते हैं और इस चौक से इन नेताओं का आना जाना लगा रहता हैं।
पोटिया चौक में धड़ल्ले से मांस मटन मदिरा का सेवन चल रहा है, जिससें इस चौक में भीड़ की वजह से आने-जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पोटिया कला वार्ड में सभी वार्डों का कचरा डम्प करना, यहां के स्कूलों का हालत जर्जर होना, यहां के गौठान का हालत बहुत ही खराब, पोटिया चौक में प्रवेश द्वार नहीं होना सहित अन्य मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। वार्डवासियों ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर किसी भी प्रकार का कोई कार्रवाई नहीं किए तो उग्र आंदोलन के साथ चक्का जाम किया जाएगा।