दुर्ग
उधारी की रकम वापसी को लेकर हुआ था विवाद
दुर्ग, 16 मार्च। सिर्फ 300 रुपए के लिए बसुले से वार कर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश श्रीवास्तव की कोर्ट ने आरोपी को धारा 307 के तहत 7 वर्ष सश्रम कारावास तथा 100 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से लोक अभियोजन बालमुकुंद चंद्राकर ने पैरवी की थी।
श्री चंद्राकर ने बताया कि ग्राम बोरसी निवासी आरोपी धर्मेंद्र सतनामी से बोरसी बस्ती निवासी राजू जोशी ने 300 रुपए उधार लिए थे। 26 मई 2020 को राजू जोशी दाऊ बहादुर सिंह के खेत के पास था। उसी दौरान आरोपी ने उसे अपनी उधारी की रकम मांगी। इस पर राजू ने कहा कि तभी तो उसके पास पैसा नहीं है। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा।
इस दौरान राजू ने पहले धर्मेंद्र सतनामी को एक थप्पड़ मार दिया। इस पर गुस्साए धर्मेंद्र घर गया और घर से धारदार बसूला लेकर आया। आरोपी धर्मेंद्र सतनामी ने लोहे के धारदार बसूला से राजू जोशी के सिर एवं गर्दन पर गंभीर चोट पहुंचाकर प्राणघातक हमला कर दिया। इससे राजू जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घायल राजू को तुरंत पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मेकाहारा रायपुर के लिए रेफर किया गया था।