दुर्ग

रेप के आरोपी को 10 वर्ष सश्रम कारावास
16-Mar-2022 3:19 PM
रेप के आरोपी को 10 वर्ष सश्रम कारावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 मार्च।
माता-पिता की अनुपस्थिति में घर जाकर पीडि़ता के साथ लगातार रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश तृतीय फास्ट ट्रैक कोर्ट नीरू सिंह की कोर्ट ने आरोपी को धारा 450 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास 1000 रुपए अर्थदंड तथा पास्को एक्ट की धारा 5 ठ, 6 के तहत 10 वर्ष सश्रम कारावास तथा 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।

अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने पैरवी की थी। अधिवक्ता राजेश साहू ने बताया कि पद्मनाभपुर चौकी अंतर्गत  रहने वाली 15 वर्षीय पीडि़ता के माता पिता मजदूरी का काम करते हैं। आरोपी की पीडि़ता के घर के पास ही नारियल पानी की दुकान है।

जान पहचान का फायदा उठाकर आरोपी अनिल कुमार गुप्ता पीडि़ता के माता-पिता की अनुपस्थिति में उसके घर जाने लगा और पीडि़ता के साथ रेप  किया। जब पीडि़ता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने  किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से आरोपी लगातार मौके का फायदा उठाकर पीडि़ता के घर पहुंचता था और उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित करता था। कुछ दिनों बाद पीडि़ता के पेट में दर्द होने होने लगा।

इस पर पीडि़ता की मां उसे जांच के लिए डॉक्टर के पास  लेकर गई। डॉक्टर ने सोनोग्राफी करने की सलाह दी। सोनोग्राफी कराई गई तो उसमें पीडि़ता को गर्भवती होना बताया गया। जब माता-पिता ने पीडि़ता से पूछताछ की। तब उसने अपनी आपबीती बताई। इसके बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
 


अन्य पोस्ट