दुर्ग

बीमा पॉलिसी के नाम पर बीएसपी के रिटायर्ड अफसर से 8 साल में सवा करोड़ की ठगी
15-Mar-2022 12:47 PM
बीमा पॉलिसी के नाम पर बीएसपी के रिटायर्ड अफसर से 8 साल में सवा करोड़ की ठगी

   नोएडा-दिल्ली के गिरोह के शामिल होने की आशंका, 2 पर जुर्म  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 15 मार्च।
जुनवानी निवासी बीएसपी के सेवानिवृत्त अधिकारी डी सिंह बीमा पॉलिसी के नाम पर वर्ष 2013 से 2021 के बीच 1 करोड़ 22 लाख की ठगी का शिकार हुए हैं। आरोपी महिला ने आरबीआई अफसर बनकर कई बीमा पॉलिसी की स्कीम बताई, दोगुना रकम मिलने का झांसा दिया । इस दौरान 6 अलग-अलग स्कीम में निवेश कराने की बात कहकर उनसे रुपए ऐंठ लिए गए।

अधिकारी डी. सिंह ने सेवानिवृत्ति के बाद मिले 90 लाख रुपए भी आरोपियों के पास जमा करा दिए। यह धोखाधडी़ उनसे एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एक्सिस बैंक और इंडियन ओवरसीज बैंक में पैसा जमा कराए जाने के नाम पर की गई है।

आरोपियों ने 4 सौ ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और 16 चेक के माध्यम से यह ठगी की। पीडि़त की आरोपियों से एक बार भी मुलाकात नहीं हुई है। आरोपियों ने सभी पॉलिसी के मामले में 1 करोड़ 80 लाख रुपए लौटाने की बात कही थी।

24 जून 2021 में इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। पुलिस जांच में इस ठगी में नोएडा और दिल्ली के गिरोह के शामिल होने की बात सामने आई है। ठगी के दौरान सिर्फ तीन मोबाइल नंबर का उपयोग किया गया है, जिसके आधार पर मनीषा शर्मा व अनुज मेहता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके पहले खुर्सीपार की 55 वर्षीय बुजुर्ग से भी इसी तरह टॉवर लगाने और बीमा पॉलिसी के नाम पर 55 लाख रुपए की ठगी कर चुके हैं।

पुलिस को प्रार्थी ने बताया कि ठगों ने चेक के बाद बाकी पैसा ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए खातों में जमा करवाए हैं। उसने मनीषा शर्मा के एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, मिसेज दीना के एसबीआई, सन्नू कुमार के बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एक्सिस बैंक के कस्टमर कृष्णा ज्वेलर्स और इंडियन ओवरसीज बैंक में श्याम सुंदर सराफ के नाम से खाते में 1 करोड़ 22 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। ठग अब भी 5 लाख रुपए जमा करने पर 1 करोड़ 80 लाख रुपए लौटाने का झांसा दे रहे हैं।

पुलिस को पीडि़त ने बैंक स्टेटमेंट समेत ठगों से जुड़े बाकी दस्तावेज सौंप दिया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल के माध्यम से गिरोह की जानकारी जुटा रही है।
दिसंबर 2013 में गैंग की महिला आरोपी मनीषा शर्मा ने खुद को आरबीआई अफसर बनकर फोन पर संपर्क किया था। इसके बाद सबसे पहले उसने कई बीमा पॉलिसी की स्कीम बताई। पैसा निवेश करने पर दोगुना रकम मिलने का झांसा दिया। इस वजह से महिला की बताई पॉलिसी में निवेश करना शुरू कर दिया।

जून 2021 तक महिला और उसके साथ निवेश कराने का झांसा देकर पैसा ठगते रहे। ठगों ने उससे 16 चेक के माध्यम से 9 लाख 48 हजार रुपए कंपनी के खाते में जमा करवाए हैं।

अधिकारी को यह समझने में समय लगा कि उनके साथ ठगी हो रही है। उन्होंने बैंक पॉलिसी मानकर आरोपियों को ऑनलाइन पेमेंट किया।

पुलिस के मुताबिक सिंगल बीमा प्रीमियम प्लान के जरिए उससे 25 लाख 48 हजार, दो वर्ष के निवेश प्लान पर 5 लाख 40 हजार, गांव की जमीन पर मोबाइल टॉवर लगाने के नाम पर 5 लाख 46 हजार, टॉवर इंस्टालेशन कैंसिल करने का झांसा देकर 1 लाख 91 हजार, 1 वर्ष के निवेश प्लान के जरिए 7 लाख 91 हजार, मेच्योरिटी अमाउंट डॉक्यूमेंट के वैरिफिक़ेशन का झांसा देकर 4 लाख 70 हजार रुपए ठग लिए।

पुलिस के मुताबिक ठगों ने कभी सर्वर डाउन होने, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में तकनीकी खराबी होने, सिस्टम में फाल्ट का बहाना बनाकर पैसे नहीं लौटाए।
प्रार्थी के मुताबिक गैंग ने पॉलिसी के पेपर पहले कोरियर के माध्यम से भेजे थे। क्लेम नहीं मिला, तब उन्हें संदेह हुआ।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला मनीषा शर्मा ने सबसे पहले पीडि़त से फोन पर बात करना शुरू किया। उसने खुद को आरबीआई का अफसर बताया। इसके बाद उसने अनुज मेहता से बात कराई। इसके बाद कांफ्रेंस में महिला अमित, एमएच चौटाला, अरुण मेहता और संजय मिश्रा से भी समय-समय पर बड़ा अफसर बताकर बात कराई। पुलिस के मुताबिक इस तरह की ठगी दिल्ली और नोएडा की गैंग करती है। बीमा पॉलिसी और टॉवर लगाने का झांसा देकर ठगी करते हैं।


अन्य पोस्ट