दुर्ग

युवाओं के अरमानों पर सरकार ने फेरा पानी- जितेंद्र
10-Mar-2022 5:22 PM
युवाओं के अरमानों पर सरकार ने फेरा पानी- जितेंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 10 मार्च। 
छत्तीसगढ़ भाजपा विधायक दल के स्थायी सचिव जितेन्द्र वर्मा ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जो आज बजट पेश किया है वह घोर निराशाजनक है। कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पास कोई विजन और रोडमेप नही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने जो अपने जन घोषणापत्र में लोक लुभावना  वादा किया था वह दूर दूर तक नजर नहीं आ रहा है। इस बजट में गांव गरीब किसान मजदूर युवाओं विधवाओं एवं सरकारी कर्मचारियों के लिए कोई नई योजना नहीं है। पूरा बजट कर्ज से लदा हुआ है, छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढिय़ों के ऊपर कर्ज के ऊपर कर्ज लादा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने किसानों को दो साल का बोनस देने का वादा किया था, वह छलावा बनकर रह गया। किसानों  के ऊपर कर का बोझ लाद दिया गया है।  सरकार ने युवाओं के लिए 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था उस पर अमल नहीं किया गया है।
 आज राज्य में बेरोजगार युवाओं की भरमार है उन्हें बेरोजगारी भत्ता देने की बात तो दूर है रोजगार के संसाधन मुहैय्या नहीं कराया गया है। निराश्रित लोगों को 1500 रुपए का भत्ता देने का वादा किया था, वह भी अधूरा रह गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के लिए स्कूल और कॉलेज नहीं जिसके लिए सरकार ने हवा हवाई फायर किया था, वह टॉय टॉय फिस्स हो गया।  सरकार ने युवाओं के अरमानों पर पानी फेर दिया है। कांग्रेस सरकार द्वारा पेश किया गया बजट राज्य हित में नहीं है। सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ आगामी विधानसभा चुनाव में जनता मुहर लगा कर सत्ता से बेदखल करेगी।
 


अन्य पोस्ट