दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 मार्च । सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई में विगत दिनों जिला स्तरीय अंतरमहाविद्यालयीन बास्केटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में सेंट थॉमस महाविद्यालय भिलाई, सुराना महाविद्यालय दुर्ग एवं शासकीय विज्ञान महाविद्यालय दुर्ग ने भाग लिया। प्रथम मैच में सुराना महाविद्यालय ने सेंट थॉमस महाविद्यालय को हराया। द्वितीय मैच में पुन: सुराना महाविद्यालय ने शासकीय विज्ञान महाविद्यालय दुर्ग को परास्त किया। अंतिम मैच में सेंट थॉमस महाविद्यालय ने शासकीय विज्ञान महाविद्यालय दुर्ग को शिकस्त दी। इस प्रकार सुराना महाविद्यालय दुर्ग ने प्रथम स्थान एवं सेंट थॉमस महाविद्यालय, भिलाई ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एम. जी. रोईमोन ने विजेताओं को पुरस्कृत किया एवं उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल में हार या जीत महत्वपूर्ण नहीं है। खेल में आपकी सहभागिता एवं खेल भावना ही आपके व्यक्तित्व का सर्वश्रेष्ठ भाग है।
प्रतियोगिता में शंकराचार्य महाविद्यालय भिलाई से श्री सिंह ने निरीक्षक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के रेफरी किरणपाल सिंह, गावेश हिरवानी, विनय जनबंधु, मोहन निषाद एवं शिवम थे।
इस अवसर पर महाविद्यालय की क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ रिंसी अब्राहम, डॉ. सुनीता क्षत्रिय, डॉ लक्ष्मण प्रसाद, मज्जू जॉय, आकाश ताम्रकार, संतोष यादव, चंदन डेकाटे एवं खेल अधिकारी कैलाश नारायण वर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम में मंच संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन महेंद्र इखार ने किया।