दुर्ग

ऑटो कंपनी प्रोपराईटर, फायनेंस मैनेजर, आरटीओ एजेंट, दुर्ग परिवहन अधिकारी सहित 7 पर जुर्म
07-Mar-2022 6:40 PM
ऑटो कंपनी प्रोपराईटर, फायनेंस मैनेजर, आरटीओ एजेंट, दुर्ग परिवहन अधिकारी सहित 7 पर जुर्म

23 साल से न्याय के लिए भटक रहे 77 बरस के बुजुर्ग की शिकायत पर न्यायालय का आदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 7 मार्च। तेईस साल पहले फाइनेंस पर स्कूटी लेने के बाद धोखाधड़ी का शिकार रिसाली निवासी बुजुर्ग  की शिकायत पर न्यायालय के आदेश पश्चात सुपेला पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

 पुलिस ने बताया कि अमर सिंह आत्मज राय सिंह (77 वर्ष) निवासी प्रगति नगर, कृष्णा टकीज रोड दुबे टेंट हाउस के पीछे रिसाली की शिकायत पर न्यायालय आदेश अनुसार आरोपी विवेक अग्रवाल प्रोप्राईटर मेसर्स वंदना आटो मोबाईल्स विवेकानंद आश्रम के पास रायपुर, अनिल शर्मा (58 वर्ष) वंदना आटो मोबाईल्स रायपुर, जितेंद्र मालवीय (26 वर्ष) मैनेजर बजाज ऑटो फाइनेंस लिमिटेड राजबंधा मैदान रायपुर, महेंद्र बिसेन सेल्समैन वंदना आटो मोबाइलस (52 वर्ष) निवासी रिंग रोड नं 1 कुशालपुर चौक गणपति विहार के पास कलोनी चंगोराभाठा रायपुर, वेंकटेश उर्फ चिन्ना (50 वर्ष) आरटीओ एजेंट निवासी सेक्टर 6 सडक़ नंबर 12 क्वाटर नं 01/एन भिलाई नगर, एजी गनी खान अतिरिक्त परिवहन अधिकारी परिवहन कार्यालय दुर्ग, ललित पांडेय अधीक्षक अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय दुर्ग के खिलाफ धारा 120 बी, 420, 467, 468, 471 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि अमर सिंह ने वर्ष 1998 में अपनी बेटी के लिए बजाज प्राइस स्कूटी लेने के लिए बजाज ऑटो फाइनेंस भिलाई से फाइनेंस कराया गया था और फाइनेंस कराते समय बजाज ऑटो फाइनेंस के द्वारा फाइनेंस से संबंधित कागजात इंश्योरेंस प्रपोजल फर्म सेल लेटर व वाहन के पंजीयन के संबंध में विभिन्न परिवहन कार्यालय के कोरे कागजों पर अमर सिंह से हस्ताक्षर कराया था। बजाज ऑटो फाइनेंस के अधिकारियों के  कहने पर विश्वास करते हुए उपरोक्त विभिन्न कोरे कागजातों पर उसने हस्ताक्षर किया था और बजाज ऑटो फाइनेंस के द्वारा वाहन की रकम अदा करने के लिए विभिन्न किस्तों में पेमेंट करने की सुविधा अनुरूप बजाज प्राईड स्कूटी के समस्त किस्तों को अमर सिंह ने अदा कर दी।

हस्ताक्षरित कागजातों का दुरुपयोग करते हुए अनिल शर्मा, जितेंद्र मालवीय, महेंद्र बिसेन ने मिलकर विवेक अग्रवाल की मैसर्स वंदना ऑटोमोबाइल्स से 30 अप्रैल 1998 को अमर सिंह के हस्ताक्षर का दुरुपयोग करते हुए वेंकटेश उर्फ चिन्ना के साथ मिलकर वाहन को विक्रय करते हुए सुनियोजित ढंग से षडय़ंत्र पूर्वक कावासाकी बजाज बाईक फाइनेंस किया गया, जिसकी जानकारी अमर को नहीं थी। बाईक की 9 किस्तें चेक के मार्फत से अमर के खाता से निकाल ली गई।

वंदना ऑटोमोबाइल्स पर कार्यरत आरटीओ एजेंट चिन्ना के साथ मिलकर एजी खान और ललित पांडेय से बाईक का पंजीयन कराया और पंजीयन क्रमांक एमपी 24 ईसी 9959 का छत्तीसगढ़ राज्य के बनने के उपरांत पुन: संयोजित एवं सुनियोजित ढंग से मिलकर मोटरसाइकिल का छत्तीसगढ़ में पंजीयन क्रमांक सीजी 07 जेडएन 1983 लिया।

अमर सिंह ने खाता से राशि निकलने की जानकारी होते ही 2 जून 2014 को पुलिस अधीक्षक दुर्ग को शिकायत की गई। जिसे पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा क्राइम ब्रांच को भेजा गया, परंतु क्राइम ब्रांच दुर्ग के द्वारा किसी भी प्रकार से सही एवं उपयुक्त जांच नहीं करने के कारण अमर ने न्यायालय के समक्ष आवेदन पेश किया था।


अन्य पोस्ट