दुर्ग
धार्मिक त्योहारों, उत्सव एवं शादी विवाह के लिए भी लेनी होगी अनुमति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 मार्च। शालेय, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए रात्रि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा किसी भी स्त्रोत से निकलने वाली ध्वनि जिले में रात्रि 10 से सुबह 6 तक प्रतिबंधित कर दी गई है। धार्मिक त्योहारों, उत्सव, शादी विवाह में भी रात्रि 10 से सुबह 6 बजे तक डीजे बजाए नहीं जा सकेंगे। इस आदेश के क्रियान्वयन के लिए जिले के सभी जिला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना देकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जिलाधीश डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे के द्वारा दिए गए हैं।
गौरतलब हो कि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण हेतु उच्चतम न्यायालय के निर्देश के तहत एवं पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के ध्वनि प्रदूषण विनिमय एवं नियंत्रण नियम के अनुसार शालेय, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए रात्रि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा किसी भी स्त्रोत से निकाली गई इस प्रकार की ध्वनि प्रदूषण जो अध्ययन, एवं अन्य कार्य में विध्न डालती है या जिससे ऐसा विध्न पडऩा संभाव्य है, को ध्वनि प्रदूषण, नियंत्रण पर पर्यावरण एवं वन मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा अधिसूचित किये गये ध्वनि प्रदूषण, विनिमय एवं नियंत्रण नियम 2000 एवं कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 की धारा 18 में प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जिले में 30 जून 2022 तक के लिए प्रतिबंधित किया है। जिसके अनुसार धार्मिक त्यौहारों, संस्कारों, शादी, उत्सवों, चुनाव प्रचार इत्यादि के अवसर पर व्यक्ति विशेष के पक्ष में ऐसे कारणों से जो लेखबद्ध किये जावेगें, में आवश्यक होने पर अनुमति संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय दण्डाधिकारी, जिला-दुर्ग द्वारा दी जावेगी, किन्तु किसी भी परिस्थिति में रात्रि 10 बजे से प्रात: 6 बजे के मध्य की अवधि के लिए ऐसी अनुमति नहीं दी जावेगी। आदेश 7 मार्च से प्रभावशील है।