दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 मार्च। गत वर्ष के मुकाबले इस बार खरीफ सीजन में किसानों से उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग की गति काफी अधिक है। अब तक किसानों से उपार्जित 78 प्रतिशत धान का मिलर्स द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए उठाव किए जा चुके हैं, जबकि गत वर्ष आज की तिथि में लगभग 50 प्रतिशत धान का ही कस्टम मिलिंग के लिए उठाव हो पाया था।
जानकारी के मुताबिक जिले में इस साल 41 लाख 70 हजार 968 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। इनमें से मिलर्स द्वारा 32 लाख 78 हजार 389 क्विंटल धान का सीधे संग्रहण केंद्रों से उठाव कर कस्टम मिलिंग अब तक की स्थिति में की जा चुकी है। वहीं 3 लाख 82 हजार 947 क्विंटल धान का उपार्जन केंद्र से संग्रहण केंद्र के लिए परिवहन किया गया है। वर्तमान में जिले के 90 उपार्जन केंद्रों में 5 लाख 9 हजार 631 क्विंटल धान ही उपार्जन केंद्रों में शेष है।जिले के विभिन्न संग्रहण केंद्रों में अन्य जिलों से भी धान का परिवहन कर भंडारण किया गया है।
संग्रहण केंद्रों में अब तक कुल 1866910 क्विंटल धान का भंडारण किया जा चुका है। संग्रहण केंद्रों से कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव फिलहाल शुरू नहीं हुआ है। उपार्जन केंद्रों में शेष बचे धान का उठाव पूरा हो जाने के पश्चात संग्रहण केंद्रों से भी कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव शुरू किया जाएगा।जानकारी के मुताबिक जिले में कस्टम मिला मिलिंग के लिए पंजीकृत 132 मिलर्स द्वारा धान उठाव कर मिलिंग की जा रही है, जिन्हें अब तक धान उठाव के लिए 34 लाख 69 हजार 472 क्विंटल का डीओ जारी किया जा चुका है। आवेदित में से 72575 क्विंटल का डीओ जारी शेष है।
जिले में जिन मिलर्स द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए धान उठाव किए जा रहे हैं, उनके द्वारा कस्टम मिलिंग कर अब तक कुल 1290238 क्विंटल चावल भी जमा किए जा चुके हैं। इनमें 10 लाख 48 हजार 258 क्विंटल चावल एफसीआई को प्रदान किया गया है। वहीं 1 लाख 24 हजार 159 क्विंटल चावल नान सेंट्रल एवं 1 लाख 17 हजार 819 क्विंटल चावल नान स्टेट को जमा किए गए हैं।