दुर्ग
थोक सब्जी कारोबारी सहित अन्य के खिलाफ खुदकुशी के लिए दुष्प्रेरित करने का जुर्म दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 मार्च। चार दिन पहले कुरूद रोड कोहका में की गई खुदकुशी मामले में जांच पश्चात स्मृति नगर पुलिस ने थोक सब्जी मंडी व्यवसायी अभिषेक गौर, डालेश देशमुख एवं अन्य के खिलाफ धारा 306 व 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
गौरतलब हो कि मंगलवार को कर्ज से परेशान निर्भय यादव (45 वर्ष) ने फांसी लगा आत्महत्या कर ली थी। एक मार्च की रात 9 बजे इस घटना की सूचना राहुल कन्नौजिया ने पुलिस को दी थी।
पुलिस द्वारा परिजनों के बयान और जाँच में पाया गया कि मृतक निर्भय ने आरोपी डालेश देशमुख को 30 लाख रूपये में मकान बेचा था, किन्तु रजिस्ट्री के बाद भी डालेश देशमुख 10 वर्ष के बाद भी रूपये वापस नहीं किया और न ही मकान वापस किया। मृतक के द्वारा पैसा वापस मांगने पर टाल मटोल करता रहा।
निर्भय यादव ने आरोपी अभिषेक गौर को सब्जी मण्डी में व्यवसाय के नाम पर 15 लाख रूपये दिये थे, जिसे वायदे अनुसार अभिषेक ने 20 दिन में वापस करने कहा था, लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी अभिषेक ने रूपये वापस नहीं किये। निर्भय के द्वारा पैसा वापस मांगने पर अभिषेक लगातार टाल-मटोल करते रहा। निर्भय यादव ने अन्य कई व्यक्तियों से पैसा उधार में लिया था, जो अभिषेक और डिलेश द्वारा टालमटोल करने पर वापस नहीं कर पा रहा था और दबाववश परेशान होकर अक्सर परिवार में आत्महत्या करने की बात करता था।
निर्भय आरोपी अभिषेक गौर, डालेश देशमुख एवं अन्य के द्वारा पैसा वापस नहीं करने पर मानसिक रूप से प्रताडि़त था और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।