दुर्ग

सीमांकन प्रतिवेदन के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगा रहे लोग, कलेक्टर से की शिकायत
04-Mar-2022 3:38 PM
सीमांकन प्रतिवेदन के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगा रहे लोग, कलेक्टर से की शिकायत

दुर्ग,  4 मार्च ।  लचर प्रशासनिक व्यवस्था और राजस्व विभाग में अधिकारी कर्मचारियों की मनमर्जी के चलते न केवल आम आदमी परेशान हो रहे हैं बल्कि कुछ खास लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सर्वाधिक अव्यवस्था का आलम सीमांकन प्रतिवेदन देने सहित जमीन से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों के लिए पटवारी और आरआई का चक्कर लगाना एक आम बात है।

जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष और जिला भाजपा के पूर्व महामंत्री संजय देशमुख भी प्रशासनिक अव्यवस्था का शिकार हो गया है और उसे एसएलआर द्वारा सीमांकन रिपोर्ट देने में आज आना कल आना की जा रही है। नवंबर में सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आज तक रिपोर्ट नहीं मिली है। यह जिले के प्रशासनिक कसावट का तथाकथित उदाहरण माना जा सकता है।

परेशान होने के बाद संजय देशमुख ने कलेक्टर से इसकी शिकायत करते हुए मुख्यमंत्री को भी प्रतिलिपि प्रेषित किया है। शिकायत में कहा गया है कि संजय देशमुख ने अपनी भतीजी के सास किरण लता देशमुख निवासी कोरबा के लिए आशीष अरोरा पिता विनोद अरोरा से पोटिया कला में 2500 वर्ग फुट जमीन खरीदा था, जिसकी रजिस्ट्री 16 मई 19 को हुई थी। प्रमाणीकरण उपरांत प्रथम बार 23 जनवरी को सीमांकन कराया गया, जिसमें खसरा नंबर त्रुटि सुधार एवं प्लाट की सीमा रेखा में मिलान नहीं होने की वजह से विक्रेता द्वारा असमर्थ होने पर एसएलआर दुर्ग के पास पुन: सीमांकन एवं त्रुटि सुधार हेतु आवेदन किया गया।

एसएलआर द्वारा 24 एवं 25 नवंबर को लगातार दो दिन सीमांकन प्रक्रिया पूर्ण की गई। उक्त सीमांकन दल का नेतृत्व एसएलआर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने किया। जिसमें सहायक एसएलआर श्री चंद्राकर आरआई नरसिंह साहू, प्रदीप सिंह, अभिषेक शर्मा शामिल थे। उक्त सीमांकन का प्रतिवेदन आज तक नहीं दिया गया है।

संजय देशमुख रोज सुरेंद्र श्रीवास्तव के दफ्तर में हाजिरी लगाते हैं किंतु उन्हें आजकल कह कर टाल दिया जाता है। सीमांकन दल के एक सदस्य राजस्व निरीक्षक द्वारा आसपास के भूमि स्वामियों को भडक़ाने और जमीन नापने के कार्य को भ्रमित करने का प्रयास भी किया जाता रहा है। आपत्ति उठाने पर उक्त राजस्व निरीक्षक द्वारा खामियाजा भुगतने की धमकी और विक्रेता द्वारा लेआउट व चौहद्दी को खारिज करने की धमकी भी दी जा रही है। बड़ी रकम खर्च करने के बाद दीपशिखा देशमुख परिवार को अभी तक जमीन नहीं मिलने के कारण सदमे की स्थिति में है। संजय देशमुख ने चेतावनी दी है कि 1 सप्ताह के अंदर जमीन की वस्तु स्थिति एवं सीमांकन  प्रतिवेदन नहीं मिली तो वे सपरिवार आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे।
 


अन्य पोस्ट