दुर्ग

कार, 9 लाख और अंगूठी लेकर ससुराल आना...
03-Mar-2022 4:33 PM
कार, 9 लाख और अंगूठी लेकर ससुराल आना...

दहेज प्रताडऩा, सास-पति पर जुर्म दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 3 मार्च।
केशकाल में दो वर्ष पूर्व निकाह के बाद ससुरालियों की प्रताडऩा और बुलेट लेने के बाद कार की मांग करते हुए मायके में छोड़ दिए जाने के बाद भिलाई-3 की पीडि़ता ने महिला थाना में पति और सास के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध करवाया है।

महिला थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार कनिज फातिमा (24 वर्ष) का निकाह केशकाल कोण्डागांव में 23 फरवरी 2020 को मुस्लिम रीति रिवाज सोहेल हुसैन के साथ हुआ। निकाह में सोने-चांदी के जेवर व घरेलू सामान उपहार स्वरूप प्रदान दिया गया। सोहेल की मांग अनुरूप बुलेट मोटर सायकल और लगभग 30 तोला सोने के आभूषण भी दिया गया। निकाह के पहले ही दिन सास-ससुर को डेढ़-डेढ़ तोले की अंगूठी नहीं दिए जाने का ताना फातिमा को मिला।

सोहेल निकाह के चौथे दिन लगभग 2 बजे रात को घर आया और बोला कि तेरे पिता ओडी कार दहेज में देने बोले थे वह कार क्यों नहीं दी गयी? फातिमा ने कहा कि पिता ने अपनी हैसियत से ज्यादा सामान दिया है तो वह जोर से गालियाँ देने लगा।
शोर सुन सास वहां पहुंची और उसके द्वारा भी सोहेल की बात का समर्थन करते हुए कहा कि ओडी कार हमें किसी भी कीमत पर चाहिए। हर रोज मानसिक रूप से फातिमा को प्रताडि़त किया जाने लगा। सोहेल रात के 2-3 बजे घर आता और खाना गरम करने के लिये बोलता और सुबह पांच बजे सास जगा देती थी। वो अक्सर कहते कि दहेज की पूर्ति नहीं करोगी तो चैन से नहीं रहने देंगे।

गर्भवती फातिमा को प्रसव के लिए भिलाई-3 लाकर छोड़ दिया गया। मायके आने पर डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए नार्मल डिलीवरी से इंकार किया और ऑपरेशन की बात कही। उसने सास से सम्पर्क किया व जानकारी दी, किन्तु वह नहीं आईं। ऑपरेशन के कागज पर फातिमा के पिता को हस्ताक्षर करना पड़ा।

ऑपरेशन से लडक़ी पैदा होने की सूचना सोहेल को दी गई, तब वह एक दिन बाद अस्पताल आया और अनमने मन से बोला कि फातिमा और बच्ची मेरे घर तभी आयेगी, जब 9 लाख नगद, ओडी कार एवं सोने की अंगूठी मिलेगी। तमाम प्रयास के बाद भी बात न बनी तो फातिमा ने थाना पहुंच रिपोर्ट दर्ज करवायी है।


अन्य पोस्ट