दुर्ग

बैंक द्वारा राशि वापसी की कार्रवाई प्रारंभ, किसी भी अमानतदार को नहीं होगा नुकसान
01-Mar-2022 3:04 PM
बैंक द्वारा राशि वापसी की कार्रवाई प्रारंभ, किसी भी अमानतदार को नहीं होगा नुकसान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 मार्च।
21 फरवरी को शाखा निपानी में कुछ  खाताधारकों के खातों से फर्जी विड्राल ट्रांसफर किये जाने की शिकायत प्राप्त होने पर बैंक द्वारा शिकायत की प्राथमिक जांच करायी गई प्रथम दृष्टया शाखा में पदस्थ कर्मचारियों द्वारा राशि गबन की शिकायत की पुष्टि होने पर प्रकरण में दोषी कर्मचारी अजय कुमार भेडिय़ा लिपिक एवं दौलतराम ठाकुर लिपिक एवं  तामेश्वर नागवंशी शाखा प्रबंधक शाखा निपानी को तत्काल प्रभाव से  23 फरवरी को निलंबित किया गया है एवं शाखा निपानी में कर्मचारियों की व्यवस्था की गयी।

प्रकरण की विस्तृत जांच हेतु वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारियों की 5 सदस्यी टीम का गठन किया गया है।  जांच टीम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारी सहित दो कप्यूटर ऑपरेटरों को शामिल किया गया है, इसके साथ ही शाखा निपानी में किसानों का शिकायत आवेदन प्राप्त करने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है व जांच टीम द्वारा विस्तृत जांच की प्रक्रिया जारी है।  

बैंक द्वारा सहकारिता विभाग से शाखा निपानी का वर्ष 2015-16 से 2021-22 तक का विशेष समपरीक्षा हेतु संयुक्त पंजीयक सहकारी संस्थाएॅ दुर्ग संभाग दुर्ग द्वारा विशेष समपरीक्षा हेतु टीम का गठन किया गया है  जिसमें राजेन्द्र प्रसाद राठिया सहायक पंजीयक,  पी।के।मेश्राम अंकेक्षण अधिकारी, आरके झा व सहकारी निरीक्षक, बीएल नेताम व सहकारी निरीक्षक एवं उमाशंकर शर्मा व सहकारी निरीक्षक की ड्यूटी लगाई गयी है। बैंक द्वारा भी चार्टर्ड एकाउन्टेंट को जांच के लिए अधिकृत करने का निर्णय लिया गया है।

नोडल अधिकारी बालोद द्वारा पुलिस थाना बालोद में 27 फरवरी को शाखा निपानी में पदस्थ आरोपी कर्मर्चारी अजय कुमार भेडिय़ा लिपिक, दौलत राम ठाकुर लिपिक एवं तामेश्वर नागवंशी शाखा प्रबंधक के विरुद्ध भादवि की धारा 420, 409, 34 के तहत दर्ज कराया गया है।

जांच टीम द्वारा 25 फरवरी को प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में 5 अमानतदारों की दोहरी अमानत जमा राशि बैंक के हिसाब में न लेकर स्वयं के उपयोग में खर्च कर गबन किया जाना प्रमाणित पाया गया है, जिसकी राशि 18. 30 लाख रुपए बैंक द्वारा संबंधित अमानतदारों को भुगतान की कार्रवाई की जा रही है।  शाखा निपानी में शिकायतकर्ताओं से आवेदन लिया जा रहा है एवं जांच टीम द्वारा  प्रकरण की विस्तृत जांच की प्रक्रिया जारी है।  बैंक के समस्त अमानतदारों की राशि सुरक्षित है एवं बैंक द्वारा आश्वस्त किया गया है कि किसी भी अमानतदार का आर्थिक नुकसान नहीं होगा। 


अन्य पोस्ट