दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 फरवरी । प्राचीन शिवमंदिर शिवनाथ समिति द्वारा 1 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व सादगीपूर्ण ढंग से मनाने का फैसला लिया गया है। 28 फरवरी सोमवार को सांईबाबा व माता शीतला, शनि भवन का पूजन-हवन, आरती होगी। 1 मार्च सुबह 4 बजे भगवान भोलेनाथ का रूद्राभिषेक कर सामूहिक आरती होगी। इसी दिन सुबह 11 बजे महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
प्राचीन शिव मंदिर के अध्यक्ष राजू शर्मा ने जानकारी दी है कि मंदिर के अध्यक्ष राजू शर्मा ने जानकारी दी है कि मंदिर का रंगरोगन किया जा रहा है। भगवान भोलेनाथ की मंदिर परिसर को विद्युत व फूलों से सजाया जाएगा। 28 को रात्रि में भजन कीर्तन होगा। रामायण पाठ किया जाएगा तथा भक्ति संगीत भी होगी।
हर्षोल्लास से मनाया शिव जयंती
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर में निराकार परमपिता परमात्मा शिव के अवतरण दिवस की यादगार त्रिमूर्ति शिवजयंती हर्षोल्लास से मनाया गया। जिसमें दुर्ग के शहरी क्षेत्रों के सेवा केंद्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन ईश्वरीय ज्ञान का श्रवण करने वाले वा राजयोग द्वारा अपना जीवन दिव्य बनाने वाले अनेक भाई बहनें उपस्थित थे।
इस अवसर पर बघेरा एसटीएफ के डीएसपी केसरी नंदन नायक, कुमारी बाई साहू (पार्षद बघेरा) अतिथि के रूप में उपस्थित थे। महाशिवरात्रि का आध्यात्मिक रहस्य स्पष्ट करते हुए ब्रह्माकुमारीज दुर्ग की संचालिका ब्रह्माकुमारी रीटा बहन ने बताया कि सर्व देवों में महादेव परमात्मा शिव को ही कहा जाता है। इसका अर्थ है देवों के रचयिता भी महादेव शिव ही है।
शिवरात्रि निराकार परमात्मा के अवतरण दिवस या कहें जन्मदिवस की यादगार है जब किसी का जन्म होता है तो जन्मदिन मनाया जाता है न कि जन्म रात्रि केवल शिव का ही जन्म दिवस महाशिवरात्रि के रूप में मनाया जाता है।
महाशिवरात्रि में शिव के ऊपर अक धतूरा तीन बेलपत्र इत्यादि अर्पित करते हैं इसका रहस्य है कि अक धतूरा एक विषैला फल है इसका अर्थ है हे मनुष्य आत्माएं में जो भी काम, क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईष्र्या, द्वेष रूपी नकारात्मक वृतियां उसे मुझे अर्पित कर दो तो आपके जीवन को पवित्रता सुख शांति व खुशियों से भर दूंगा। तीन बेल पत्ती का रहस्य है कि मनुष्य सृष्टि के कार्यों को संचालित करने 3 देवताओं की रचना करते हैं जिसे ब्रह्मा विष्णु महेश कहते हैं। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी रुपाली बहन ने किया।