दुर्ग
न्यायाधीश ने दी जानकारी
छत्तीसगढ़ संवाददाता
दुर्ग, 27 फरवरी । नारकोटिक्स के मामलों में विवेचना की महत्ता एवं विधि के प्रावधानों की जानकारी प्रदान करने कार्यशाला जिला एवं सत्र न्यायालय के सभागार में आयोजित की गई। दुर्ग शहर में नशे के प्रवृति लगातार बढ़ रही है तथा लोगों द्वारा नशे का सेवन सार्वजनिक जगहों पर किया जा रहा है। यह भी देखने में पाया जा रहा है कि नशे का व्यापार करने वालों पर पुलिस प्रशासन से बिना डर/भय के व्यापार कर रहे हैं, लोगों में नशे से संबंधित जागरूकता की कमी है। इन सभी परिस्थितियों को देखते हुए राजेश श्रीवास्तव, जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकॉट्रॉपिक सब्सटेंसस एक्ट1985 एवं नालसा (नशा पीडितों को विधिक सेवाएॅ एवं नशा उन्मूलन के लिए विधिक सेवाएं) योजना 2015 के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ राजेश श्रीवास्तव जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष द्वारा मां सरस्वती के चलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवल कर किया गया। शुभारंभ पश्चात राजेश श्रीवास्तव ने वक्तव्य में अन्वेषण के दौरान होने वाली त्रुटियों के संबंध में भी बताया कि किसी स्त्री की तलाशी, स्त्री से भिन्न किसी अन्य व्यक्ति द्वारा नहीं ली जाएगी। जब धारा 42 के अधीन सख्यक रूप से प्राधिकृत किसी अधिकारी के पास यह विश्वास करने का कारण है कि उस व्यक्ति को जिसकी तलाशी ली जानी है, उसके कब्जे में की किसी स्वापक औषधि या मन:प्रभावी पदार्थ अथवा नियंत्रित पदार्थ या वस्तु या दस्तावेज को उस व्यक्ति से जिसकी तलाशी ली जानी है, अलग किए बिना निकटतम राजपत्रित अधिकारी या मजिस्ट्रेट के पास ले जाना संभव नहीं है, तो वह ऐसे व्यक्ति को निकटतम राजपत्रित अधिकारी या मजिस्ट्रेट के पास ले जाने की बजाय उस व्यक्ति की तलाशी ले सकेगा. धारा 41 एवं 42 के अंतर्गत अंतर बताया गया एवं बताया गया कि गलत अन्वेषण से आरोपी दोषमुक्त हो जाता है।
गलत अन्वेषण दोषमुक्त का प्रथम आधार है।
कार्यशाला में बी.एन.मीणा पुलिस अधीक्षक, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संतोष ठाकुर, ब्रज राज सिंग ड्रग इंस्पेक्टर, बालमुकुंद चंद्राकर शासकीय अभिभाषक सहित नारकोटिक्स प्रकरणों के विवेचना अधिकारी, थाना प्रभारी उपस्थित थे। कार्यशाला का मंच संचालन राहुल शर्मा, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया।