दुर्ग
दुर्ग, 27 फरवरी। छुपे हुए बदमाशों तथा वारंट, बेमियादी वारंट की तामिली के लिए पुलिस द्वारा अलग टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है। छुपे हुए बदमाशों को बाहर निकाल कर उनके गतिविधियों की जानकारी लेना और उनके विरूद्ध न्यायालयों का कोई वारंट, बेमियादी वारंट तो पेंडिग नहीं है यह देखना था।
इसी क्रम में सुपेला थाना अंतर्गत एक पृथक टीम बनाकर इस अभियान में लगाया गया। सुपेला पुलिस द्वारा ऐसे चार आदतन अपराधी पकड़े गये है जो पुराने अपराधी है। पुलिस के निगाहों से बचकर रह रहे हैं और अपने अपराधिक गतिविधियां बदस्तूर जारी रखे हुए है। छावनी क्षेत्र के नौ साल पुराने चोरी के आरोपी सलीम ऊर्फ सोनू ऊर्फ आरिफ, भिलाई नगर क्षेत्र के सौरव दास जो सात साल पुराने आर्म एक्ट के मामले में फरार अपराधी है।
खुर्सीपार इलाके के पुराने चोर पिछले 12 सालों से फरार चल रहा था, अंबेडकर नगर का सन्नी गिल जो कई मारपीट के मामले में फरार चल रहा था। इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी एन मीणा के निर्देश पर एवं अति पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव तथा नगर पुलिस अधीक्षक भिलाईनगर राकेश जोशी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।