दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 फरवरी। पांच साल की मासूम के साथ सामूहिक बलात्कार का मामला सामने आया है। बच्ची के माता-पिता की शिकायत पर नेवई पुलिस ने 13 साल और 10 साल के दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 376 और पॉक्सो एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।
नेवई टीआई भारती मरकाम ने बताया कि आज एक 5 साल की बच्ची के माता-पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनकी बच्ची के साथ मोहल्ले के दो लडक़ों ने सामूहिक बलात्कार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू की और दोनों लडक़ों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एक 13 साल का है और दूसरा 10 साल का है। पीडि़ता और आरोपी तीनों के माता-पिता मेहनत मजदूरी करके पेट पालते हैं।
शिकायत में बताया गया शुक्रवार दोपहर 2 बजे सभी काम पर गए थे। बच्ची अपने घर अकेली थी, तभी 13 साल का एक लडक़ा आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। वहां एक 10 साल और लडक़ा था। दोनों ने उस बच्ची के साथ बारी-बारी से रेप किया। बाद में बच्ची को उसके घर में छोडक़र दोनों चले गए।
जब बच्ची के माता-पिता घर आए तो बच्ची रो रही थी, फिर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मोहल्ले में जमकर झगड़ा भी हुआ और मामला थाना पहुंचा। अब पुलिस मामला दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।