दुर्ग

महिला की मिली लाश, चोट के निशान, हत्या की आशंका
26-Feb-2022 3:10 PM
महिला की मिली लाश, चोट के निशान, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर /दुर्ग, 26 फरवरी।
उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जोरातराई के शराब भट्टी के पास शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे विवाहित महिला का शव मिला है। पैर, चेहरा एवं छाती पर किसी धारदार हथियार से मारे जाने के निशान हैं। उतई पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए जांच को दिशा दे रही है। संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि महिला की हत्या के पश्चात शव को जोरातराई में लाकर फेंका गया है।

पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जोरातराई में शराब भट्टी के पास एक महिला का शव पड़ा हुआ है। इस पर पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची। अवलोकन के दौरान महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाया गया है। शव की शिनाख्त पूजा निर्मलकर उम्र लगभग 32 वर्ष के रूप में हुई है. पुलिस ने बताया कि महिला पहले पति को छोड़ देने के बाद वह भिलाई 3 उ म्दा निवासी अविनाश ओझा के साथ कई वर्षों से रह रही थी। पहले पति से उसके दो बच्चे हैं।

पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि महिला की हत्या करने के पश्चात शव को जोरातराई लाकर फेंका गया है। महिला का मायका भी जोरातराई का बताया गया है। पहला वैवाहिक संबंध टूट जाने के बाद पूजा निर्मलकर पत्नी की तरह अविनाश ओझा के साथ रह रही थी। इस दौरान कुछ वर्षों से पूजा और अविनाश के बीच आपसी विवाद होता रहता था. फिलहाल पुलिस द्वारा अविनाश झा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर उतई थाना प्रभारी सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनंत साहू एएसडीओपी पाटन देवांश सिंह राठौर भी पहुंच गए थे। घटनास्थल पर फारेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनंत कुमार साहू ने बताया कि महिला अविनाश ओझा के साथ पिछले 5 वर्षों से रह रही थी। पूर्व पति से महिला का एक बेटा व एक बेटी है. संदेह के आधार पर अविनाश से पूछताछ की जा रही है, वहीं आसपड़ोस के लोगों से भी जानकारी एकत्र की जा रही है. जल्द ही मामले का खुलासा हो जाएगा।


अन्य पोस्ट