दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 फरवरी। शादी के दो वर्ष बाद मायके ला कर छोड़ दी गई महिला ने डेढ़ वर्ष ससुराल और पति का इंतजार करती रही, लेकिन दहेज लोलुपता की वजह से जब बात नहीं बनी तो महिला ने थाना पहुंच सास, ससुर और पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवायी है।
महिला थाना पुलिस ने बताया कि दिगम्बर जैन मंदिर के पास मैथिलपारा दुर्ग में माता पिता के घर वर्ष 2020 से रह से रही 28 वर्षीय आकांक्षा का विवाह 29 अप्रैल 2018 को अखिलेश कुमार पाणिग्राही पिता बद्रीनारायण निवासी ग्राम कटंगपाली, सरिया (बोंदा) बरमकेला रायगढ के साथ सामाजिक रीति रिवाज से सम्पन्न हुआ था।
शादी में सभी घरेलू आवश्यक सामान एवं सोने चांदी के आभूषण एवं चेक के माध्यम से एक लाख रूपये उपहार स्वरूप दिये गए थे, मगर शादी के बाद पति अखिलेश, ससुर बद्रीनारायण, सास नलिनी उमीद अनुरूप रकम नहीं मिलने ताना दे शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताडि़त करने लगे थे। 15 दिन ससुराल में रहने के बाद पति आकांक्षा को लेकर अपने कार्यस्थल मुंबई रहने ले गया।
वहां अखिलेश का व्यवहार इतना क्रूर था कि कुछ भी सामान हाथ में हो वह आकांक्षा को फेंक कर मार दिया करता था। जून 2019 में गर्भावस्था में आकांक्षा को अखिलेश ने मायके लाकर छोड़ दिया। 25 नवंबर 2019 को मेरे मैथिलपारा दुर्ग आकर पति, सास, ससुर ने बैठक कर पुन: दहेज के रूप में 10 लाख की मांग की गई। आकांक्षा के पिता ने इतने रूपये न होने की बात कही तो आकांक्षा को ससुराल ले जाने से स्पष्ट इंकार कर दिया गया। 26 नवंबर 2019 को एक संतान का जन्म होने के दो माह बाद अखिलेश दुर्ग आया और आकांक्षा को लेकर कटंगपाली आया और वहां छोड़ कार्यस्थल मुबंई चला गया।
आकांक्षा बिना पति के साढ़े चार माह तक अपने सास-ससुर के साथ रही। इस दौरान सास और ससुर लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताडि़त करते रहे। साढे चार माह उपरांत आकांक्षा ने पिता को फोन लगा कर बुलाया और वह दुर्ग आ गई। तब से वह अपने मायके में ही है। उसके पति, सास, ससुर ने कभी भी न फोन किया और न ही मिलने आए। अखिलेश को फोन और मेसेज के माध्यम से सम्पर्क करने पर उसने आकांक्षा को वापस घर ले जाने से स्पष्ट इंकार कर दिया।
आकांक्षा की रिपोर्ट पर अखिलेश, बद्रीनारायण और नलिनी के खिलाफ धारा 498-ए के तहत जुर्म दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है।