दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 23 फरवरी । खाद्य महकमा की टीम ने शहर के विभिन्न होटलों में दबिश देकर जांच की। टीम ने जांच के दौरान दो होटलों में घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग करना पाया। दोनों ही प्रतिष्ठानों से कुल चार नग घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया।
गौरतलब है कि घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग को लेकर मिल रही शिकायतों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा खाद्य विभाग को घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग पर रोक लगाने कार्रवाई करने निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देशानुसार खाद्य महकमा की टीम ने सहायक खाद्य अधिकारी नेहा तिवारी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित होटलों में दबिश दी। उनके द्वारा होटल की जांच की गई। इस दौरान इंदिरा मार्केट स्थित साई इडली एवं श्री साईं मधुर होटल में
घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग करते पकड़ा गया।
इन प्रतिष्ठानों से कार्रवाई के दौरान इंडेन कंपनी के 4 नग घरेलू गैस सिलेंडर जप्त किए गए। इनमें से दो सिलेंडर आधा भरा हुआ था। वहीं 2 घरेलू गैस सिलेंडर में आंशिक रूप से गैस भरा था।
मामले में खाद्य विभाग के द्वारा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घरेलू गैस का व्यवासायिक उपयोग के चलते गैस के कालाबाजारी भी की जाती है, जिस पर नियंत्रण के लिए समय समय खाद्य महकमा द्वारा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों एवं गैस एजेंसियों में दबिश देकर जांच की जाती है। पिछले दिनों भी जांच के दौरान अनेक व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस का उपयोग किए जाने का मामला सामने आया था।