दुर्ग

सहारा इंडिया के चेयरमेन सहित 10 लोगों पर होगा जुर्म दर्ज
23-Feb-2022 3:18 PM
सहारा इंडिया के चेयरमेन सहित 10 लोगों पर होगा जुर्म दर्ज

दुर्ग, 23 फरवरी।  सहारा इंडिया परिवार द्वारा अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता महोत्सव का आयोजन किया था। प्रतियोगिता में करोड़ों की रकम जीतने वाली परिवादिनी को रकम न प्रदान कर धोखाधड़ी करने वाले सहारा इंडिया परिवार के चेयरमैन सुब्रत राय सहारा सहित 10 लोगों के खिलाफ थाने में धारा 420, 406, 409 तथा 120 बी के तहत अपराध दर्ज करने का आदेश अंकिता गुप्ता की कोर्ट ने दिया है। परिवादिनी को सहारा इंडिया परिवार द्वारा वर्ष 2015 में देशभर में आयोजित की गई। प्रतियोगिता महोत्सव में दो करोड़ रुपए का द्वितीय पुरस्कार एवं गोल्ड ड्रा के तहत 1लाख रुपये तथा  50000 रुपए का पुरस्कार प्राप्त हुआ था।

अधिवक्ता तारेंद्र जैन ने बताया कि आशीष नगर रिसाली निवासी शालिनी जैन सहारा इंडिया की दुर्ग शाखा में एजेंट का कार्य 30 सितंबर 2010 से कर रही थी। सहारा इंडिया परिवार द्वारा अपने व्यापार को बढ़ाने हेतु प्रतियोगिता महोत्सव 2015 का आयोजन किया गया था। उक्त प्रतियोगिता की अवधि 31 मई 2016 तक बढ़ा दी गई थी। उक्त प्रतियोगिता में कई प्रकार के पुरस्कारों की घोषणा की गई थी, जिसमें परिवादिनी शालिनी जैन ने भी हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के नियम के अनुसार शालिनी जैन को विभिन्न ग्रुपों में प्राप्त प्लेटिनम ड्रा के माध्यम से 2 करोड़ रुपए का द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ था एवं गोल्ड ड्रा के माध्यम से 1 लाख रुपये तथा 1 हजार रुपए का कुल 3 पुरस्कार प्राप्त हुए थे।

राशि आवंटन के पूर्व सहारा इंडिया कंपनी द्वारा सर्कुलर जारी किया गया कि उक्त इनामी राशि को 36 माह या उससे अधिक की अवधि के लिए कंपनी द्वारा जारी स्पेशल रि-इन्वेस्टमेंट की योजना में निवेश करना है। अधिवक्ता तारेंद्र जैन ने बताया कि परिवादिनी ने कुल 40 रि-इन्वेस्टमेंट योजनाओं का फॉर्म भरा था। शालिनी जैन ने उक्त फार्म तत्कालीन शाखा प्रबंधक आलोक सुहाने के कहने पर तत्कालीन लिपिक जयप्रकाश सिंह तथा पप्पू यादव के पास जमा की थी। इसके बाद शालिनी जैन ने जब रसीद की मांग की तो शाखा प्रबंधक आलोक सुहाने व दोनों लिपिक ने रसीद नहीं दी।

तब परिवादिनी ने पत्र के माध्यम से सहारा इंडिया परिवार के चेयरमैन सुब्रत राय सहारा, लखनऊ हेड ऑफिस के उप प्रबंधक संचालक ओम प्रकाश श्रीवास्तव तथा हेड ऑफिस लखनऊ के अधिशासी निदेशक अलख कुमार सिंह से भी रसीद की मांग की परंतु रसीद नहीं दी गई। शालिनी जैन की मिली इनामी रकम लखनऊ हेड ऑफिस से दुर्ग ऑफिस में आने के बावजूद भी यहां के ब्रांच मैनेजर ने कई एजेंटों के साथ मिलीभगत  एवं छल कपट करते हुए लिखवा लिया कि शालिनी जैन डमी एजेंट है और उसे मिली रकम को शालिनी को  न देकर हम लोगों  को ही आपस में बांट दिया जाए।

इसके बाद परिवादिनी धोखाधड़ी की शिकायत करने पर  पद्मनाभपुर चौकी भी पहुंची थी परंतु उन्हें इस मामले पर कोर्ट जाने के लिए कहा गया था।
 


अन्य पोस्ट