दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 17 फरवरी। पुलिस ने पारधी गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह जिले में चोरी-सेंधमारी कर रहा था। पुलिस को अंडा थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल स्टोर में हुई सेंधमारी के बाद आरोपियों का सुराग मिला और इन्हें पकड़ पुलिस ने 26 मोबाइल, 4 बाइक और 4 साइकिल सहित लगभग 4 लाख का माल जब्त किया है।
एएसपी ग्रामीण अनंत कुमार ने बताया कि 9 दिसंबर की रात अंडा थाना अंतर्गत अटल चौक स्थित अमित मेडिकल स्टोर में रोहित पारधी (23) ने सेंधमारी करके 8 हजार रुपए की चोरी की थी। इस दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा था, जिसमें उसकी पूरी हरकत कैद हो गई। अगली सुबह मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उन्हें रोहित की जैकेट और स्कार्फ के आधार पर उसकी जांच की गई।
जांच के दौरान उन्हें पता चला कि यह पारधी गिरोह का काम है। पुलिस जांच कर ही रही थी कि कल उतई टीआई नवी मोनिका पांडेय ने पारधी गिरोह के एक आरोपी को चोरी का मोबाइल बेचते हुए गिरफ्तार कर लिया। उस आरोपी की निशानदेही पर उसके तीन अन्य साथियों को गिरफ्तार किए गए। पूछताछ में इन लोगों ने अपने दूसरे साथियों के बारे में जानकारी दी।
एसडीओपी देवांश राठौर अपनी टीम को लेकर गनियारी गांव पहुंचे। यहां इन्होंने पूरे गांव में सर्चिंग अभियान चलाया और पारधी मोहल्ले में हर एक घर की तलाशी ली। कई घंटे की कार्रवाई के बाद उन्हें एक घर में रोहित पारधी वहीं जैकेट पहने मिल गया, जो उसने मेडिकल स्टोर में चोरी के दौरान पहनी थी। पुलिस को उस पर शक हुआ तो पूरे घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उन्हें उसका वहीं स्कार्फ मिला, जिससे उसने अपने चेहरे को ढका था। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने अपने दो दोस्तों के साथ चोरी की घटना को करना स्वीकार करिया।
उतई टीआई ने बाइक व मोबाइल चोर गिरोह के सरगना कैलाश पारधी सहित उसके साथी किशन पारधी, रमेश पारधी, राजेश पारधी को गिरफ्तार किया, वहीं पारधी मोहल्ले से सेंधमारी करने वाले मास्टर माइंड गिरोह के सरगना रोहित पारधी सहित उसके साथी नन्द किशोर पारधी और अश्वनी पारधी को गिरफ्तार किया। इस तरह पुलिस ने पारधी गिरोह के कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
पुलिस के मुताबिक घरों व दुकानों में चोरी करने वाले पारधी गिरोह के सदस्य रोहित पारधी व उसके साथी चोरी में काफी एक्सपर्ट हैं। उन्होंने उतई के ढोर गांव में एक में चोरी की थी। अंडा थाना क्षेत्र में एक मेडिकल दुकान में सेंधमारी की। पेचकस की मदद से दराज को खोला और उसमें रखे 8 हजार रुपए पार कर दिए थे।
