दुर्ग

मारपीट- चाकू से वार, 2 पर मामला दर्ज
16-Feb-2022 3:23 PM
मारपीट- चाकू से वार, 2 पर मामला दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 फरवरी । 
अपने बड़े पिता के घर वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आए प्रार्थी के साथ दो आरोपियों ने मारपीट की और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया। घायल प्रार्थी को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करना पड़ा। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

पुलिस के मुताबिक वार्ड नंबर 34  शिवपारा निवासी ईश्वर ढीमर (26) पिता राजेंद्र ढीमर 14 फरवरी  की रात को अपने बड़े पिता के घर बांधा तालाब में हो रहे वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया हुआ था।

रात लगभग 8 बजे सभी लोग चूल माटी के कार्यक्रम में शामिल होने चले गए थे। प्रार्थी अकेला घर के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान रात लगभग 9 बजे उसके पास आरोपी गोल्डी कुंजाम तथा चीकू गौड़ पहुंचे और बेवजह गाली गलौज करने लगे। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो ईश्वर ढीमर के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद गुस्से में आकर आरोपी गोल्डी अपने घर गया और चाकू लेकर आया। इसके बाद हत्या करने की नियत से उसने ईश्वर ढीमर पर लगातार वार किया। इस दौरान चीकू ने प्रार्थी को पकड़ कर रखा हुआ था। मारपीट होते देख मोहल्ले पड़ोस के लोग एकत्र हुए तो आरोपी वहां से भाग निकले।


अन्य पोस्ट