दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 12 फरवरी। लोक निर्माण विभाग रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा निर्माणाधीन दुर्ग ग्रामीण विधानसभा की निर्माणाधीन सडक़ों में प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिलने से प्रभावितों में भारी रोष व्याप्त है। इस विषय को लेकर प्रभावितों द्वारा लगातार क्षेत्रीय विधायक व लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू जिला कलेक्टर अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग में आवेदन देकर मुआवजे की मांग की जा चुकी है। किंतु इतने के बाद भी ना ही जन प्रतिनिधि और ना ही अधिकारियों के कान में जूं रेंग रही है, जिससे लगातार प्रभावितों के बीच आक्रोश पनप रहा है।
प्रभावितों के समर्थन में अब छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच भी मैदान में उतर चुका है जिनका दुर्ग ग्रामीण के अलग अलग क्षेत्रों में धरना प्रदर्शन आंदोलन जारी है। अंडा में आंदोलन के बाद दूसरे चरण में उतई के बाजार चौक में धरना प्रदर्शन कर आंदोलन किया गया। जिसमे स्वाभिमान मंच के रामकुमार गुप्ता सहित स्थानीय माधोलाल साहू, सतीश पारख, कमलेश गजपाल, ढालेश साहू, पूरनलाल साहू सहित उतई खोपली घुघसीडीह मचांदूर बोरीगारका के सैकड़ों आवासीय व कृषि क्षेत्र प्रभावित किसान सम्मिलित हुवे।
लोगों ने मुआवजे मामले में लोक निर्माण विभागीय अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया, उन्होंने कहा कि प्रचलित आबादी पुरानी लगानी है, जिसमें अनेक नंबरों को समाहित कर आबादी नाम दिया गया है, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा अतिक्रमण कारी बताकर नोटिस दिया गया तथा मनमानी तरीके तुड़वाने या तोडऩे के लिए मजबूर करना। विरोध करने पर पुलिस को बुलाकर दबाव बनाना धमकाना जैसी अनेक शिकायतें बताई।
-----


