दुर्ग

सडक़ पर सामान फैलाकर कारोबार, जुर्माना
12-Feb-2022 3:05 PM
सडक़ पर सामान फैलाकर कारोबार, जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 12 फरवरी।
नगर पालिक निगम क्षेत्र के आकाशगंगा मार्केट में सडक़ पर सामान बढ़ाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के खिलाफ कल शाम कार्रवाई की गई।
विदित हो कि सुपेला आकाशगंगा मार्केट के कुछ व्यापारियों द्वारा सडक़ के सामने कई फीट तक सामान व स्टैण्डी होर्डिंग्स इत्यादि रखने की वजह से बाजार में आने वाले नागरिकों को आवागमन में परेशानी होने के साथ ही पार्किंग समस्या की लगातार शिकायतें आ रही थी। इसके आलावा सडक़ किनारे ठेला लगाकर फल, फास्ट फूड आदि विक्रय करने वालों को ठेले को व्यवस्थित तरीके से लगाने कहा गया। शहर के प्रमुख मार्केट में आवागमन की परेशानियों को देखते हुए निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। जिसके परिपालन में जोन-1 के मनीष गायकवाड ने राजस्व विभाग के टीम के साथ आकाशगंगा मार्केट का निरीक्षण किया और दुकान तथा सडक़ के सामने कई फीट तक सामान व स्टैण्डी होर्डिंग्स व टेबल कुर्सियां लगाकर व्यवसाय करने वाले व्यापारियों के विरूद्ध कार्यवाही की।

सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे ने बताया कि सुपेला बाजार में मुख्य सडक़ से लगे हुए बहुत से व्यापारियों द्वारा दुकान के सामने बोर्ड एवं स्टेण्डी होर्डिंग्स लगाने के साथ ही कई फीट दूरी तक दुकान का सामान रखने तथा टेबल, कुर्सिंयाँ लगाकर सडक़ बाधा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई है।

दुकान के सडक़ पर सामान फैलाकर व्यवसाय करने से वाहनों के आवागमन परेशानी होने के साथ ही शाम के समय सुपेला बाजार के मुख्य रोड पर पार्किंग की समस्या बढ़ जाती है। इस कारण आए दिन बाजार के मुख्य सडक़ पर ट्रैफिक जाम होने लगता है, इसके चलते दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। कार्यवाही करते हुए 5 हजार रूपए जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा सडक़ किनारे ठेले में फल आदि विक्रय करने वालों को ठेला व्यवस्थित तरीके से लगाने की हिदायत दी गई है।

मार्केट के कई व्यापारियों द्वारा दुकान के सामने कई फीट दूरी तक सामान बढ़ाकर रखने के वजह से ग्राहकों को एक से दूसरे दुकान जाने में परेशानी तथा दुकानों के सामने होर्डिंग्स बोर्ड को रखने की वजह से आने जाने में समस्या होती है। कई दुकानदारों द्वारा दुकानों के सामने अव्यवस्थित तरीके से बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाने से दुकान में ग्राहकों के जाने के लिए रास्ता नहीं मिल पाता, इसके कारण व्यवसाय भी बाधित होता है। जिसके कारण शाम के समय आकाशगंगा मार्केट में पार्किंग की समस्या बढ़ जाती है, जिसको देखते हुए कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट