दुर्ग

बच्चा न होने का ताना देने वाले साथी की कर दी हत्या, 3 गिरफ्तार
11-Feb-2022 2:20 PM
बच्चा न होने का ताना देने वाले साथी की कर दी हत्या, 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 फरवरी।
विगत दिनों आईटीआई मैदान खुर्सीपार में हुई हत्या की गुत्थी खुर्सीपार पुलिस ने 72 घण्टे में सुलझा ली है। इस मामले में मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने बताया कि बच्चा न होने का ताना देने पर साथी की हत्या की थी।

 पुलिस ने पत्रकारवार्ता में बताया कि 7 फरवरी को प्रात: करीब 7 बजे फोन पर पुलिस को सूचना मिली कि केनाल रोड के बगल से लगे आईटीआई ग्राउण्ड में किसी अज्ञात युवक की लाश पडी़ है। उसके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटे हैं। खुर्सीपार पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

जाँच के दौरान घटना स्थल पर दो बड़े पत्थर, कुछ शराब की बोतलें, चखना आसपास पड़ा मिला और शरीर के नीचे का कपड़ा उतार कर लाश से करीब 10 फुट दूर रखा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने तफ्तीश शुरू की।

मृतक के लोवर से उसका मोबाईल बरामद किया गया, जिससे उसकी पहचान श्याम कुमार उर्फ मोनू निवासी उडिय़ा बस्ती खुर्सीपार के रूप में हो गयी थी। प्रकरण में चूंकि मृतक मोनू का शव नीचे से नग्न अवस्था में मिला, जिससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा था कि किसी अवैध संबंध के चलते यह हत्या हुई होगी।

पुलिस की सभी टीमें अलग-अलग एंगल में जांच कर रही थी। मृतक मोनू के संबंध मे जानकारी जुटाने पर उसके अवैध संबंध होना भी पता चला। जिसके कारण पुलिस उस दिशा में ही जाकर इस संबंध में सूक्ष्म से सूक्ष्म जानकारी व हर पहलू की गंभीरता से जाँच कर रही थी। आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज व मृतक से जुड़े उसके रिश्तेदार, दोस्त व सभी संबंधितों के काल रिकार्डस का मुआयना भी किया जा रहा था।

जांच के दौरान थाना खुर्सीपार के आरक्षक डी. प्रकाश को एक सूचना मिली कि केनाल रोड में ट्रांसपोर्टर गनी खान के ऑफिस के पास घटना की रात को दो लडक़े मोटर सायकल में चौक के पास रूके थे, जिन्हें आफिस के चौकीदार और वहां उपस्थित दो अन्य लडक़ों ने देखा था।

सूचना पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट आफिस के सीसीटीवी कैमरे को बताए गए समय में खंगालना शुरू किया, जिसमें दो लडक़े मोटर सायकल में आईटीआई ग्राउण्ड की तरफ से करीब पौने 12 बजे आते दिख रहे हैं और फुटपाथ के बगल में बाईक की बाईं तरफ से गिरते दिख रहे हंै। गिरने के बाद स्वयं उठकर करीब 1 मिनट रुके हैं, जिस दौरान चौकीदार के साथ खड़ा एक लडक़ा उनसे बात करता दिखाई दे रहा है। परन्तु कैमरे से बहुत दूर होने के कारण पहचान नहीं हो पा रही थी। इसके अलावा किसी भी कैमरे से कोई भी स्पष्ट फुटेज नहीं मिल पा रहा था।

पुलिस ने चौकीदार के माध्यम से उस लडक़े का पता किया, जो बाईक वालों से बात किया था। उस लडक़े का पता चलने पर पुलिस ने लडक़े के बताए अनुसार हुलिए व बाईक का जमीनी स्तर पर पता करना शुरू किया। मुखबिर से सूचना मिली कि उडिय़ा बस्ती की एक मोटर सायकल वैसे ही है। उसके बायें तरफ ताजा स्क्रेच व डैमैज दिख रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने बाईक के मालिक बलराम क्षत्रिय को तत्काल हिरासत में लिया और पूछताछ करने पर उसने मोनू उर्फ श्याम कुमार की हत्या अपने दोस्त झुमन साहू निवासी उडिय़ा बस्ती के साथ मिलकर किया जाना स्वीकार कर लिया। दूसरे आरोपी झुमन साहू को भी पुलिस टीम ने तत्काल हिरासत में ले लिया। झुमन ने भी पूछताछ में बलराम के साथ मिलकर मोनू उर्फ श्याम कुमार की हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस की विस्तृत पूछताछ में आरोपियों ने यह बताया कि आरोपी बलराम क्षत्रिय की बहन रेखा सोना का लडक़ा हुआ है, जिसकी पार्टी के लिए पीना खाना करने के लिए आरोपी बलराम व झुमन साहू और मोनू उर्फ श्याम कुमार को रात के करीब 10.30 बजे आईटीआई ग्राउण्ड ले गये। वहां शराब पीने के दौरान मृतक श्याम कुमार द्वारा आरोपी बलराम को यह कहा गया कि तेरी बहन का बच्चा तो हो गया है, तेरी शादी को दो साल हो गए, तेरा बच्चा क्यों नहीं हो रहा है एवं शारीरिक कमी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे बलराम आक्रोश में आते हुए पास में पड़े एक बड़े पत्थर को उठा कर श्याम कुमार के सिर पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। झुमन साहू भी एक अन्य पत्थर उठा कर उसके चेहरे पर वार करने लगा। दोनों आरोपी तब तक ताबड़तोड़ हमला करते रहे, जब तक श्याम कुमार उर्फ मोनू मर नहीं गया। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए मोनू के कपड़े थोड़ी दूर जमा कर रख दिए ताकि पुलिस यह समझे कि किसी अवैध संबंध का मामला है।

दोनों आरोपी अपने एक अन्य दोस्त यशवंत यादव निवासी जामुल के पास जाकर उसे घटना के संबंध में अवगत कराते हुए उसके साथ मिलकर मशुरिया तालाब में जाकर खून लगे कपड़े, चप्पल, बेल्ट आदि जला दिए, ताकि पुलिस को कोई संदेह न हो। यशवंत यादव के द्वारा दिए गये लोवर व टी शर्ट को पहन कर वापस घर आए और वापस मृतक मोनू के सभी दु:ख कार्यक्रमों में उपस्थित रह पुलिस की कार्रवाईयों पर लगातार नजर बनाये हुए थे। दोनों ही आरोपियों की निशानदेही पर अन्य आरोपी यशवंत यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है तथा मशुरिया तालाब घटना स्थल से अधजले महत्वपूर्ण दस्तावेज अधजला एटीएम, (बलराम का) कपड़े व चप्पल आदि के अवशेष जब्त किये गये हैं।

यशवंत यादव द्वारा दिए गये कपड़े भी कमश: आरोपी बलराम एवं झुमन साहू के पेश करने पर जब्त कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त बलराम का मोटर सायकल पैशन प्रो हरा काला रंग को भी जब्त कर लिया गया है।

 


अन्य पोस्ट