दुर्ग

स्थानांतरित पटवारियों ने नहीं लिया चार्ज, निलंबन की चेतावनी
08-Feb-2022 3:34 PM
स्थानांतरित पटवारियों ने नहीं लिया चार्ज, निलंबन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 फरवरी।
जिले में पिछले दिनों पटवारियों के थोक में स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें दुर्ग तहसील अंतर्गत 26 स्थानांतरित पटवारियों में से 18 ने स्थानांतरण आदेश के 20 दिनों बाद भी चार्ज नहीं लिया है। स्थानांतरित पटवारी हल्के में चार्ज नहीं लेने वाले इन पटवारियों के आईडी भी बंद कर दिए गए हैं। इन पटवारियों द्वारा मंगलवार 8 फरवरी तक चार्ज नहीं लेने पर उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी को दुर्ग तहसील के विभिन्न पटवारी हल्के में पदस्थ 26 पटवारियों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया गया है। इनमें से अब तक मात्र 8 पटवारियों ने नवीन पदस्थापना वाली जगहों पर चार्ज लिए हैं। जिन पटवारियों ने अब तक आदेश के बावजूद चार्ज नहीं लिए हैं उनके आईडी बंद करके उनकी जगह पर नजदीकी पटवारी हल्का के पटवारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं।

राजस्व विभाग के अधिकारी के अनुसार जिन स्थानांतरित पटवारियों द्वारा मंगलवार तक नवीन पदस्थापना वाले पटवारी हल्का में चार्ज नहीं लिया जाता है तो उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई होगी।
जानकारी के मुताबिक जिन पटवारियों ने स्थानांतरण आदेश के बावजूद अब तक चार्ज नहीं लिया है इनमें देव राम साहू, डामन वर्मा, कमलेश साहू, कमलेश वर्मा, टीकमचंद सोनी, प्रदीप तिवारी, निवेदिता राजपूत, राजेश देशमुख, जयंत ठाकुर, सूर्यकांत निषाद, मोरध्वज क्षत्रिय, मंजू तिवारी, चंद्रशेखर साहू, इंदिरा मनोचा, रूपेंद्र साहू, खूब लाल देशमुख एवं बरखा मेश्राम शामिल है। तहसीलदार प्रकाश सोनी का कहना है कि स्थानांतरण आदेश के बावजूद क्षेत्र के जिन पटवारियों ने अब तक चार्ज नहीं लिए हैं उनकी आईडी बंद कर दी गई है। उनके स्थान पर अन्य पटवारी को प्रभार दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट