दुर्ग

नाबालिग लड़कियों से सोशल मीडिया में दोस्ती, वीडियो-फोटो फैलाने की धमकी, गिरोह का सदस्य राजस्थान से बंदी
07-Feb-2022 5:50 PM
नाबालिग लड़कियों से सोशल मीडिया में दोस्ती, वीडियो-फोटो फैलाने की धमकी, गिरोह का सदस्य राजस्थान से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 7 फरवरी। नाबालिग लड़कियों से सोशल मीडिया में दोस्ती कर एक गिरोह रिकार्ड कर लेता था, फिर वीडियो-फोटो वायरल कर देने की धमकी देकर करता रूपये वसूलता। ऐसी ही एक घटना में प्रयुक्त मोबाईल बरामद कर एक आरोपी को दुर्ग पुलिस राजस्थान के जलौर से गिरफ्तार कर ले आई है।

दुर्ग निवासी एक महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाईल नंबर के धारक जयंती रोहिण निवासी राजस्थान के द्वारा उसकी 14 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ फ्री फायर गेम खेलने के दौरान दोस्ती कर वीडियो कॉलिंग वाट्सअप चैटिंग के माध्यम से चैटिंग करने के दौरान बहला-फुसलाकर अश्लील फोटो/वीडियो बनाकर परिवारजनों एवं परिचितों को फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर फोटो वीडियो भेजकर पैसा नहीं देने पर सार्वजनिक रूप से वायरल कर देने की धमकी दी जा रही है। रिपोर्ट पर उक्त मोबाईल नंबर के धारक जयंती रोहिण के विरूद्ध धारा 509 ख, 386 भादवि, 12 पॉक्सो एक्ट 67बी आईटी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बद्रीनारायण मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेन्द्र यादव, उप पुलिस अधीक्षक (अपराध) नसर सिद्धकी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर आरोपी को शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु लगाया गया। सायबर सेल से मोबाईल नंबर एवं इंस्टाग्राम आईडी के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई, जिसमें आरोपी का पता ग्राम कोटकस्ता थाना रामसीन जिला जालौर राजस्थान का होना ज्ञात हुआ।

सायबर सेल से प्राप्त जानकारी के आधार पर टीम द्वारा आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर एक विशेष टीम को रवाना कर जालौर राजस्थान में आरोपी की पतासाजी करती रही। आरोपी अपना ठिकाना बदल कर लुक छिप रहा था, जिसे 3 दिनों तक लगातार पीछा करने के उपरांत गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त हुई एवं आरोपी से अपराध में प्रयुक्त मोबाईल जब्त कर ट्रांजिट रिमाण्ड लेकर लाया गया है।


अन्य पोस्ट