दुर्ग
दुर्ग, 7 फरवरी । छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी मर्यादित के अंतर्गत भिलाई-3 स्थित एक मात्र कर्मशाला संभाग (वर्कशाप) में पारेषण कंपनी के प्रबंध निदेशक एसडी तेलंग के कर कमलों द्वारा दीर्घ काल से बंद प्लेट शियरिंग मशीन को पुन: चालू किया गया।
अगस्त 2021 में प्रबंध निदेशक तेलंग के द्वारा कर्मशाला निरीक्षण के दौरान उक्त मशीन को सुधार कर पुन: चालू करने हेतु दिशानिर्देश दिये गये थे। अंतत: कार्यपालक निर्देशक कैलाश नरनावरे एवं अधीक्षण अभियंता पीपी सिंह के मार्गदर्शन में कर्मशाला संभाग के कार्यपालन अभियंता बरखा दुबे सहायक अभियंता, आकाश सिन्हा एवं कर्मशाला के कर्मचारियों ने मिलकर उक्त मशीन को सीमित संसाधनों द्वारा मरम्मत कर पुन: चालू करने में सफलता प्राप्त की।
यह कार्य अत्यंत कठिन, श्रमसाध्य एवं समय साध्य था। इस मशीन के चालू होने से पारेषण कंपनी के कर्मशाला संभाग में कार्यक्षमता, उत्पादन क्षमता एवं गुणवत्ता में गुणात्मक वृद्धि हुई है।
समय की बचत के साथ ही एलपीजी गैस एवं आक्सीजन की खपत में भी काफी कमी आई है।


