दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 फरवरी। शराब के नशे में एक कार चालक ने बार में कार घुसा दी। जब तेज आवाज से बार का कांच टूटकर बिखरा तो वहां अफरा तफरी मच गई। मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेवई थाना प्रभारी भारती मरकाम ने बताया कि रिसाली क्षेत्र स्थित ब्लू हैवन बार के बगल में शराब की दुकान है। यहां कुछ लोग देर रात कार सीजी 04 जेडएम 7777 से पहुंचे। उन्होंने शराब दुकान से शराब खरीदी और बार के बगल से ही बैठकर शराब पी। नशे में वे धुत्त हो गए और जब कार स्टार्ट किया और रिवर्स लेने लगे तो ड्राइवर काफी तेज रेस ले रहा था। देखते ही देखते उसने इतनी रफ्तार में रिवर्स लिया कि उसकी कार तीन बाइक से टकराते हुए बार के सामने के ग्लास को तड़ते हुए दीवार से टकरा गई। इससे बार के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय बार के भीतर बैठे लोगों में हडक़ंप मच गया। दुर्घटना के बाद बार संचालक रामवृक्ष यादव और कार पर बैठे युवकों से बहस होने लगी। बाद में मामला समझौते तक पहुंचा। इस पर बार संचालक ने युवकों की कार को बार में ही खड़ा करा लिया।


