दुर्ग
भिलाई नगर, 5 फरवरी । हथखोज स्थित विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज से अज्ञात चोर मशीन और टूल्स (औजार) चोरी कर ले गए हैं। सुरक्षा गार्ड की सूचना पर संचालक राजेश विश्वकर्मा ने पुरानी भिलाई थाना में अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि सुंदर विहार कॉलोनी कैलाश नगर कुरूद निवासी 38 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा की इंजीनियरिंग पार्क हथखोज में श्री विश्वकर्मा इंडस्ट्रीज के नाम से कंपनी प्लाट नंबर 63 में स्थित है। देर रात करीब 2 बजे कंपनी के सुपरवाईजर अनिल साहू ने राजेश फोन कर बताया कि कंपनी में चोरी हो गयी है। कंपनी से पाईप कटर मशीन, दो ग्राइंडर मशीन, एक सीओ2 वेल्डिंग मशीन फीडर, वेल्डिंग टार्च, प्लेट कटिंग मशीन, वेल्डिंग मशीन फीडर, सीओ2 रेगुलेटर, एक ऑक्सीजन रेगुलेटर, एक वेल्डिंग होलर, तीन कोर एल्युमिनियम केबल लगभग 7 मीटर, एक हब, तीन पाइप, दो पुल्ली, एक आर्म और डमरू मशीन ले गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।