दुर्ग

धीमी गति से चल रहा है ऑडिटोरियम का निर्माण
05-Feb-2022 3:14 PM
धीमी गति से चल रहा है ऑडिटोरियम का निर्माण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 5 फरवरी । 
छत्तीसगढ़ मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने साइंस कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माणाधीन ऑडिटोरियम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उक्त ऑडिटोरियम के धीमी गति से निर्माण होने पर शहर के हर वर्ग के लोगों, गायकों एवं विभिन्न कला से जुड़े कलाकारों में मायूसी व्याप्त है।  मंच के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने बताया कि बहुद्देश्यीय कार्यक्रमों के लिए बन रहे उक्त ऑडिटोरियम की मांग वह कई वर्षों से उठाते आ रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान न देना समझ से परे है।

750 सीटों वाले उक्त आधुनिक आडिटोरियम में सभी  प्रकार के सामाजिक सांस्कृतिक, रचनात्मक, धार्मिक, कवि सम्मेलन, गोष्ठी एवं अन्य कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होंगे। संभाग में अपनी तरह का पहला आधुनिक संसाधनों से लैस ऑडिटोरियम की आधारशिला 2017-18 में रखी गई थी। दुर्ग में इसके लिए साइंस कॉलेज परिसर को चुना गया था। उक्त निर्माणाधीन ऑडिटोरियम 2020 तक बनकर तैयार हो जाना था, लेकिन लॉकडाउन व अधिकारियों के लेटलतीफी के चलते उक्त निर्माण कार्य 2021 तक भी पूर्ण नहीं हो पाया, यही हाल रहा तो 2021भी निकल गया और यह ऑडिटोरियम पूर्ण नहीं हो पाया। जबकि लेटलतीफी के चलते वर्तमान में इसकी लागत भी बढ़ गई है।

छत्तीसगढ़ मंच के तुलसी सोनी, दिनेश जैन, हरीश सोनी, संजय खंडेलवाल, त्रिलोक सोनी, अनिल ताम्रकार, राजकुमार ताम्रकार, जवाहर सिंह राजपूत, मयंक सिंह भारद्वाज, निमित्त मटियारा,शुभम दीक्षित,प्रियांश श्रीवास्तव तथा कोडल राव, सेंवन्त चतुर्वेदी,दीपक शर्मा सहित शहर के गायक कलाकारों एवं संगीत प्रेमियों ने जल्द से जल्द ऑडिटोरियम निर्माण की संभावना जताई है, जिससे शहरवासियों को इसका लाभ प्राप्त हो सके।
------


अन्य पोस्ट