दुर्ग
भिलाई नगर, 4 फरवरी । सुपेला के एक निजी होटल में चल रही फेयरवेल पार्टी के दौरान विद्यार्थी आपस में भिड़े और जमकर लात घूंसे चलने लगे। कुछ ने कटर से भी हमला कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, शेष की तलाश जारी है।
प1राप्त जानकारी के अनुसार फेयरवेल पार्टी में सेंट थॉमस कॉलेज में पढऩे वाले कुछ सीनियर स्टूडेंट्स ने जूनियर स्टूडेंट के ऊपर नुकीले पत्थर व कटर से वार किया है। मारपीट व कटर के हमले से छात्रों के चेहरे व हाथ-पैर में चोटे आई है। सुपेला पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 324, 506 के तहत मामला दर्ज किया और एक आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।
टीआई सुरेश ध्रुवे ने बताया कि जीई रोड के बगल से स्थित होटल अमित पार्क में कल शाम सेंट थॉमस कॉलेज रुआबांधा भिलाई के स्टूडेंट्स की फेयरवेल पार्टी थी। इस पार्टी में बीकॉम के स्टूडेंट्स को बुलाया गया था। पार्टी के दौरान बीकॉम सेकंड इयर का छात्र रिजवान खान (20 वर्ष) होटल का पेमेंट करने के लिए सामने एटीएम तक रुपए लेने गया हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान बीकॉम थर्ड इयर के स्टूडेंट्स गौरव शर्मा और शैलेष अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और रिजवान से गाली गलौज करने लगे।आरेापियों ने कहा कि रिजवान तू अमलराज सिंह के साथ घूमता है तो खुद को सीनियर समझने लगा।रिजवान ने गाली देने से मना किया तो उन लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसी दौरान गौरव ने नुकीले पत्थर से उसके आंख के पास मारा तो उसका गाल कट गया।
शैलेष ने धारदार कटर निकाला और उसके ऊपर प्रहार कर दिया। इससे रिजवान लहूलुहान हो गया। वहां खड़े ऋषभ दुबे व हर्ष दानी ने उसे बचाया और अस्पताल ले गए। इलाज के बाद रिजवान के परिजन सुपेला थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।घटना को अंजाम देने के बाद गौरव शर्मा, शैलेष और उसके साथी मौके से भाग गए। पुलिस ने गौरव शर्मा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। शैलेष व अन्य आरोपी की तलाश जारी है।


