दुर्ग

डीपीएस कैंपस से एक परिवार के 4 सदस्य सहित 233 पॉजिटिव
02-Feb-2022 5:38 PM
डीपीएस कैंपस से एक परिवार के 4 सदस्य सहित 233 पॉजिटिव

सावधानी ही कोरोना से बचाव व सुरक्षा-ठाकुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 2 फरवरी।
जिला दुर्ग में मंगलवार को कुल 233 नए कोरोना मरीज मिले हैं, जबकि 715 संक्रमित मरीजों ने स्वस्थ होकर वापसी की है। इलाज के दौरान कल भी दो संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। डीपीएस मरोदा कैंपस से एक ही परिवार के 4 सदस्य संक्रमित मिले हैं, इसमें तीन बच्चे हैं।

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गंभीर सिंह ठाकुर ने बताया कि जिले में मंगलवार को विभिन्न जांच केंद्रों से कुल 2 हजार 721 सैंपल एकत्रित किए गए थे जिसमें 233 की रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। कल कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट दर घटकर 8.5 फीसदी रह गई है, जो कि जिले के लिए अत्यधिक राहत का संदेश है।

डीपीएस स्कूल मरोदा कैंपस से एक ही परिवार के चार सदस्य संक्रमित पाए गए हैं, जिसमें से 39 वर्षीय महिला, 13 वर्ष का किशोर, एक कुछ महीने का बालक व 7 वर्ष की बच्ची संक्रमित मिली है। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन से एक पुरुष भी संक्रमित पाया गया है। जिले में कोरोना महामारी का संक्रमण कम हो रहा है। पॉजिटिविटी इकाई अंक में पहुंच गई है फिर भी सावधानी ही इस महामारी से बचाव एवं सुरक्षा है।
डॉ. ठाकुर ने जिले के पात्र नागरिकों से समीप के टीकाकरण केंद्र में पहुंचकर टीका लगाने की अपील भी की है।
 


अन्य पोस्ट