दुर्ग

रंजिश, जेल से छूटे युवक की हत्या, एक गिरफ्तार, तीन की तलाश
02-Feb-2022 4:07 PM
रंजिश, जेल से छूटे युवक की हत्या, एक गिरफ्तार, तीन की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 2 फरवरी। छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्याम नगर कैंप 2 में कल रात लगभग पौने 8 बजे आपसी रंजिशवश जेल से छूटे युवक की मोहल्ले के ही चार युवकों ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। छावनी पुलिस ने एक आरोपी को रात में ही गिरफ्तार कर लिया है। तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

नगर पुलिस अधीक्षक छावनी कौशलेंद्र पटेल ने बताया कि कल रात श्याम नगर कैंप-दो क्षेत्र में राकेश यादव के घर पर बीनू साहू, जागेश्वर साहू, जितेंद्र साहू, विकेश साहू पहुंचे। चारों के द्वारा एक राय होकर राकेश यादव को घर से बाहर बुलाकर बात करने के बहाने करीब घर से 100 से 200 मीटर की दूरी पर ले जाया गया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने से राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, जिनमें से एक विकेश साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि विगत वर्ष बीनू साहू एवं राकेश यादव के मध्य विवाद हुआ था। विवाद के दौरान राकेश के द्वारा बीनू के ऊपर चाकू से हमला किया गया था। इसी मामले में राकेश यादव तीन-चार दिन पूर्व ही जेल से छूटकर घर आया था, जिसकी जानकारी होते ही मौका मिलने पर बीनू एवं उसके साथियों ने बदला लेने की नीयत से उस पर हमला किया जिसमें राकेश यादव की मौत हो गई।


अन्य पोस्ट