दुर्ग
पीएम से वादे पूरी करने रखी मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 1 फरवरी। राष्ट संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केंद्र सरकार द्वारा 9 नवंबर को किसानों से किये गये वायदे पूरे न करने के खिलाफ असंतुष्ट और आक्रोशित किसानों द्वारा आज पूरे देश में विश्वासघात दिवस का आयोजन किया गया, उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने किसानों के एक साल से अधिक चले किसान आंदोलन के दबाव में तीन कृषि कानूनों को वापस लिया है इसके बाद केंद्र सरकार ने कृषि उपजों के न्यूनतम गारंटी मूल्य निर्धारित करने के लिये कमेटी बनाने, आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने और आंदोलन के दौरान शहीद होने वाले 700 से अधिक किसानों के परिवार को आर्थिक मदद देने का वायदा किया था, जिस पर विश्वास करते हुए किसानों ने आंदोलन को स्थगित किया था, किंतु 2 माह में सरकार ने किसानों से किये गये वायदों को पूरे करने की दिशा में कोई कार्य नहीं किया जिससे किसान आक्रोशित हैं।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने जिला मुख्यालय दुर्ग के अलावा, बोरी, नगपुरा और अंडा में विश्वासघात दिवस मनाया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। दुर्ग में संगठन की ओर से संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
दुर्ग में संयोजक राजकुमार गुप्त, पुरूषोत्तम बाघेला, कल्याणसिंह ठाकुर, पूरनलाल साहू, मंगलूराम बघेल, भगतराम, श्यामकुमार बंघे, कुंवरसिंह भारती, सुभायुदास और हरदीप, नगपुरा में जिला अध्यक्ष उत्तम चंद्राकर, परमानंद यादव, बद्री पारकर, बंशी देवांगन, नेतराम देशमुख, मेघराज मढ़रिया, रामप्रसाद देशमुख, एन कुमार साहू आदि शामिल थे।