दुर्ग

अमृत महोत्सव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं- गृहमंत्री
31-Jan-2022 6:42 PM
अमृत महोत्सव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं- गृहमंत्री

दुर्ग,  31 जनवरी। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित आनंद सरोवर के विशाल सभागार में आजादी के अमृत महोत्सव से स्वर्णिम भारत की ओर के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर के मुख्य अतिथि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, ब्रह्माकुमारी रीटा बहन जी एवं अन्य सभी अतिथियों द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में अपने उद्बोधन में गृह मंत्री ने कहा कि एक समय था जब भारत विश्व गुरु था, सारे विश्व का नेतृत्व भारत करता था, लेकिन समय के साथ परिवर्तन हुआ और भारत 200 वर्षों तक अंग्रेजों का गुलाम रहा।

15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ, जिसका 75 वर्ष पूर्ण हो रहा है। जिसे हम आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं।  मैं धार्मिक, सामाजिक और गैर सरकारी संस्थाओं से आह्वान  करता हूं कि वह आगे आए और अमृत महोत्सव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाए। हमारे स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों खास महात्मा गांधी का  राम राज्य  का सपना था। राम राज्य के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जहां कोई प्रकार का दु:ख ना हो, अशिक्षा ना हो, कोई गरीब ना हो, सबको स्वास्थ्य, शिक्षा, समानता और सम्मान प्राप्त हो।

आज लोग आजादी का गलत अर्थ निकालते हैं, जिसके कारण अनेक प्रकार की घटनाएं हमारे आसपास हो रहे हैं।  

कार्यक्रम में विधायक अरुण वोरा ने कहा कि भारत को स्वर्णिम बनाने के लिए हमें श्रेष्ठ कर्म करना होगा। यही प्रेरणा इस संस्था में आने पर मिलता है।

महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि गांधी जी ने ग्राम स्वराज की बात  कही थी। शासन प्रशासन को गांव के स्तर पर पहुंचाना होगा, तभी निचले हिस्से तक विकास पहुंचेगा। जब गांव गांव का विकास होगा तब ही भारत देश सही मायने में तरक्की करेगा। आज हमें गांधीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लेना होगा।

महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा आनंद सरोवर परिसर में कदम रखते ही अद्भुत शांति की अनुभूति होती है। ऐसा लगता है जैसे स्वर्ग में आ गए। यहां का वातावरण बहुत ही अलौकिक है।  

पूर्व महापौर शंकरलाल ताम्रकार ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्माकुमारी बहनों से 35 वर्ष पूर्व से ही मेरा आत्मीय संबंध है जब संस्था को दूर्ग  प्रारंभ हुए कुछ वर्ष हुए थे और बिताए हुए पलों को याद किया।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय दुर्ग की मुख्य संचालिका ब्रह्माकुमारी रीटा बहन जी ने कहा कि दुर्ग जिले में वर्ष भर अनेक कार्यक्रम एवं अभियान चलाए जाएंगे, जैसे महिलाएं नए भारत के ध्वजवाहक, आत्मनिर्भर किसान, स्वच्छ भारत अभियान, स्वर्णिम भारत के लिए नई शिक्षा, बेटी बचाओ सशक्त बनाओ, बाल व्यक्तित्व विकास शिविरों का आयोजन, स्वतंत्रता के गुमनाम नायकों की स्मरणान्जलि आदि इन आयोजनों के द्वारा जन जन को जागृत किया जाएगा और स्वर्णिम भारत बनाने के लिए अनेक प्रयास किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट