दुर्ग

रेत, चूना पत्थर का परिवहन करते 4 हाईवा जब्त
29-Jan-2022 3:40 PM
रेत, चूना पत्थर का परिवहन करते 4 हाईवा जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 जनवरी।
अवैध खनिज उत्खनन को लेकर मुख्यमंत्री के सख्त तेवर का असर जिले में पहले दिन ही दिखने लगा। खनिज महकमा की टीम ने पाटन क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की है। इस दौरान रेत एवं चूना पत्थर का अवैध परिवहन कर रहे चार वाहनों को जब्त किए हैं। जानकारी के मुताबिक जिले में संचालित रेत खदानों में पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से एक भी खदान शुरू नहीं हो पाया है। प्राय: अवैध रेत उत्खनन व परिवहन की शिकायतें मिलती रहती है। जिस पर अंकुश लगाने कलेक्टर के निर्देश पर जिला खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में महकमा की टीम ने खनिज निरीक्षक दीपक तिवारी के नेतृत्व में पाटन, उतई एवं मरोदा क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।

इस दौरान खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की जांच की गई। जांच के दौरान खनिज नियमों का उल्लंघन कर रेत व चूना पत्थर का परिवहन करते चार हाईवा वाहन जब्त किया गया। पकड़े गए वाहनों में से सीजी 07 सीसी 8540, सीजी 07 बीके 1934 में रेत एवं सीजी 07 बीएस 2023 तथा सीजी 07 सीए 4992 में चूना पत्थर का परिवहन किया जा रहा था। इन वाहनों को खनिज सहित जब्त कर नेवई थाने में पुलिस अभिरक्षा में खड़े किए गए हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अवैध रेत उत्खनन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश कलेक्टर और एसपी को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी भी जिले में अवैध रेत उत्खनन नहीं होना चाहिए। अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर कलेक्टर और एसपी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे।

अवैध उत्खनन पर कार्रवाई नहीं होने पर जिले के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी, मुख्यमंत्री ने अवैध उत्खनन रोकने कलेक्टर और एसपी को स्वयं मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में रेत माफियाओं द्वारा अवैध रूप से रेत के उत्खनन और परिवहन को लेकर आ रही खबरों को गंभीरता से लेते हुए यह निर्देश दिए हैं।
 


अन्य पोस्ट