दुर्ग

शिकायत के बाद मिली सेवानिवृत कर्मचारी को जीपीएफ की राशि
15-Jan-2022 7:07 PM
शिकायत के बाद मिली सेवानिवृत कर्मचारी को जीपीएफ की राशि

दुर्ग, 15 जनवरी। एक सेवानिवृत कर्मचारी को उनकी सेवानिवृत्ति के 8 माह बाद भी भविष्य निधि की राशि नहीं मिली थी। जिसको लेकर उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिकायत की थी। मामले में शिकायत शाखा में प्रकरण दर्ज कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारी ने सीधे सुनवाई की, तब जाकर उन्हें यह राशि मिली। जानकारी के मुताबिक 23 दिसंबर को सेवानिवृत शिक्षिका रजिया बेगम ने शिकायत किया था कि वह 30 अप्रैल 2021 को सेवानिवृत हो चुकी है, मगर उनका जीपीएफ की राशि नहीं मिली है। वहीं जो पेंशन मिल रही थी, वह भी इस माह कम प्राप्त हुआ है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या की वजह से उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर लगाने में भी दिक्कत हो रही है। उन्होंने 10 अगस्त को शिक्षा विभाग में भी आवेदन दी थी, इसके बावजूद राशि नहीं मिली है। उनकी शिकायत पर सुनवाई करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव एमके अग्रवाल ने जिला शिक्षा अधिकारी को तलब कर 30 दिसंबर को जवाब प्रस्तुत करने कहा था। जिस पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित होकर बताया कि सेवानिवृत्ति के पश्चात कोविड के कारण शिक्षिका मार्च 2021 से हैदराबाद में रह रही थी। जून 2021 में वापस आने पर जीपीएफ दस्तावेज पूर्ण कर महालेखाकार कार्यालय रायपुर को 26 जून को भेजा गया।

महालेखाकार कार्यालय से 11 अगस्त को आपत्ति सहित प्रकरण वापस प्राप्त हुआ। तब आपत्ति का निराकरण कर पुन: 27 अक्टूबर 21 को जमा किया गया। महालेखाकार से 26 नवंबर को प्राधिकार पत्र प्राप्त होने पर उनके कार्यालय से देयक तैयार कर कोषालय में जमा किया गया। 30 दिसंबर को देयक पास होकर संबंधित के खाते में जमा हो चुका है।
 


अन्य पोस्ट