दुर्ग

पार्षद के विजय जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का आरोप
14-Jan-2022 1:09 PM
पार्षद के विजय जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का आरोप

कार्रवाई की मांग को ले घेरा थाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 जनवरी।
कांग्रेस के विजेता पार्षद मन्नान गफ्फार खान को एमआईसी में शामिल होने की खुशी में निकाले गए विजय जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके विरोध में सैकड़ों लोगों ने देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए छावनी थाना का घेराव कर दिया। कल रात साढ़े 9 बजे तक यहां जमकर नारेबाजी करते हुए शिकायती पत्र थाना प्रभारी को दिया गया है। चौबीस घंटे के भीतर नारा लगाने वालों की गिरफ्तारी नहीं होती तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

संत रविदास नगर पार्षद मन्नान और बगल के वार्ड से पार्षद सलमान का संयुक्त विजय जुलूस गुरुवार शाम को निकला और जमकर नारेबाजी करते हुए आतिशबाजी जुलूस में की गयी। छावनी थाना के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे क्षेत्र के पूर्व पार्षद छोटेलाल चौधरी और संबंधित वार्ड के निवासियों का आरोप है कि जुलूस में अनेक स्थानों पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए हैं। थाना में पार्षद और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की गयी है।

मौके पर मौजूद पार्षद पीयूष मिश्रा ने बताया कि हिंदू रक्षा वाहिनी को शिकायत मिली कि समीपस्थ वार्ड संत रविदास नगर में विजेता पार्षद प्रत्याशी मन्नान गफ्फार खान को एमआईसी में शामिल किए जाने की खुशी में वार्ड में कुछ युवकों ने जुलूस निकाला, पटाखे फोड़े और पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने का आरोप है, जिसको वार्ड के लोगों ने सुना है। विरोध स्वरूप इस तरह के कृत्य करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए यहां सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित हुए हैंं और प्रदर्शन करने के बाद छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। अगर पुलिस प्रशासन 24 घंटे के भीतर ऐसे देश विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है तो हिंदू रक्षा वाहिनी इस संबंध में उग्र आंदोलन करने विवश होगी, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।

शिकायती पत्र में पार्षद मन्नान गफ्फार खान और उनके समीप ही स्थित एक अन्य वार्ड के कांग्रेस के पार्षद इंजीनियर सलमान के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

प्रदर्शन में मौजूद पूर्व पार्षद और बीजेपी नेता छोटे लाल चौधरी ने बताया कि छावनी थाना को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। 24 घंटे के भीतर अगर पुलिस ऐसे लोगों की गिरफ्तारी नहीं करती है तो इस आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट