दुर्ग

गाड़ी की डिक्की तोड़ लाखों की उठाईगिरी, 3 आरोपी समेत 5 गिरफ्तार
11-Jan-2022 8:49 PM
गाड़ी की डिक्की तोड़ लाखों की उठाईगिरी, 3 आरोपी समेत 5 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जनवरी।
पुलिस ने दो दिन पहले मॉन्यूमेंट पार्क सिविक सेंटर के पास स्कूटर की डिक्की से हुई 7 लाख रूपये की उठाईगिरी का खुलासा आज किया है। पुलिस ने इस मामले में 3 आरोपी समेत 5 को गिरफ्तार किया है।

शनिवार की शाम सराफा व्यवसायी रीतेश कुमार सोनी एचडीएफसी बैंक में रूपये जमा करने के लिये 7 लाख रूपये, कंगना ज्वेलर्स के नाम की चेक बुक व चांदी की गणेश की मूर्ति एक बैग में भरकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रख निकला था।  बैक बंद होने की वजह से वह सेक्टर 6 मॉन्यूमेंट पार्क के पास गाड़ी खड़ी कर कुछ देर के लिये अपनी दोस्त के साथ पार्क में बैठा था। जब वापस आया तो देखा कि गाड़ी की डिक्की खुली है और बैग गायब। उसने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

पुलिस को सूचना मिली कि कुछ पुराने चोर किस्म के लडक़े ज्यादा मात्रा में पैसे खर्च कर रहे हैं। सूचना की तस्दीकी के लिए तत्काल दो पुलिस के जवान सादे ड्रेस में उन लडक़ों के पीछे लग गए थे तथा उन्होंने देखा कि संदिग्ध लडक़े शराब दुकान के पास घंटों शराब स्वयं भी पी रहे और दोस्तों को भी पिला रहे हैं। संदेह के आधार पर उनमें से एक पुराने चोर रीतिक सिंग उर्फ कालू को पूछताछ के लिये उठाया गया। जिले के अन्य थानों में हाल में कोई बड़ी चोरी, लूट, उठाईगिरी आदि घटना के विषय में जानकारी एकत्र की गई।

 रीतिक सिंग उर्फ कालू के पास उस वक्त करीब 38 हजार नगदी थे। पूछताछ पर उन पैसों के विषय में कालू जितनी भी जानकारी देता गया पुलिस उसकी तस्दीक करती चली गई। पर उसकी कोई बात सही साबित नहीं हुई। पुलिस को यकीन हो गया कि किसी न किसी वारदात से पैसे आये हैं। कालू से कड़ाई से पूछताछ आरंभ की गई, तब आखिरकार वह टूट गया और उसने 8 जनवरी की शाम सिविक सेंटर मॉन्यूमेंट पार्क के पास खड़ी गाड़ी की डिक्की तोड़ कर दो अन्य साथी हेमंत कुमार एवं श्याम कुमार के साथ पैसे व अन्य सामान की चोरी करने की बात कबूल की।

 दोनों अन्य लडक़े हेमंत कुमार एवं श्याम कुमार को बुलाकर पूछताछ किया गया तो उन्होंने वारदात साथ में मिलकर करना और वारदात में मिले रूपये आपस में बँटवारा कर लेना और बैग सहित चेक बुक व मूर्ति को प्रियदर्शनी नगर अंडर ब्रिज के पास झाडिय़ों में फेंकना बताया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के बयान के आधार पर कुल 6 लाख 700 रूपये जब्त किये।

आरोपियों ने अपने साथी सीनू टकरिया और श्याम कुमार को भी पैसे छिपाने के लिये दिये थे, जिन्हें बरामद कर उन्हें भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है ।


अन्य पोस्ट